Unnav News: गर्मियों का मौसम आते ही जगह-जगह से आग की घटनाएं सामने आने लगती हैं। खासतौर पर चलती गाड़ियों (कार, बस) में आग की घटनाएं काफी ज्यादा बढ़ जाती हैं। आज यानी बुधवार 29 अप्रैल को ऐसी ही एक घटना उत्तर प्रदेश के उन्नाव में सामने आई। यहां नेशनल हाईवे पर 65 से ज्यादा श्रमिकों से भरी एक चलती बस (Moving Bus Fire) में अचानक आग लग गई।
चलती निजी बस के आग का गोला बनते ही वहां अफरातफरी मच गई। यह घटना नेशनल हाईवे 31 पर अचलगंज थाना क्षेत्र के पच्चोड़ा सराय गांव के सामने उन्नाव-लालगंज राजमार्ग पर हुई। जहां बस उन्नाव दही औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों को लेकर जा रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगते ही कुछ ही पलों में ड्राइवर केबिन आग का गोला बन गया।
बस के शीशे तोड़कर बचाई जान
बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही इसमें सवार 65 से ज्यादा श्रमिकों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्होंने बस के शीशे तोड़े और वहां से कूदे और किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
पास में ही मौजूद है सीएनजी पंप
उन्नाव में जहां पर बस में आग लगी उस घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर CNG पंप है। डर था कि कहीं बस में लगी भयंकर आग की चपेट में में CNG पंप भी न आ जाए। हालांकि, आग CNG पंप तक नहीं फैली।
बस में आग लगने की इस घटना से उन्नाव की तरफ नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। करीब एक घंटे तक वहां दमकल विभाग का कोई वाहन नहीं पहुंचा।
