शहर

Heatwave : बर्निंग @48 डिग्री की मार, सुलगते शहर तापमान चूमता आसमान; 5 दिन प्रचंड गर्मी-लू सताएगी दिन-रात

Heatwave : 48 डिग्री की झुलसाती गर्मी ने लोगों को चैन छीन लिया है। सड़कें तप रही हैं, हवा भट्टी जैसी महसूस हो रही है और घरों में कूलर-पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं। आईएमडी ने कहा कि 22 से 28 मई तक उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका है।

Image

बर्निंग @48 डिग्री की मार

Heatwave : देशभर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कुछ जगहों पर 48 डिग्री वाले तापमान का टॉर्चर जारी है। हीटवेव, उमस और तेज तपिश से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। कई राज्यों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों तथा प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में अगले छह से सात दिनों के दौरान लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि 22 से 28 मई तक उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका है।

बांदा का तापमान

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर जिलों के लिए ’रेड अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां दिन के दौरान भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। बांदा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज में 46.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी (बीएचयू) में 45.6 डिग्री सेल्सियस, सुल्तानपुर और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस, फुर्सतगंज में 45.1 डिग्री सेल्सियस और झांसी में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक था।

मौसम विभाग ने बताया कि इसी अवधि के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में भीषण लू चलने का अनुमान है। आईएमडी ने 22 से 28 मई के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू चलने की प्रबल संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के कुछ इलाकों में 24 से 27 मई के बीच भीषण लू की स्थिति हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, "राजस्थान के कुछ हिस्सों में 22 से 28 मई के दौरान लू चलने का पूर्वानुमान है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में 24 से 28 मई के दौरान भीषण लू की स्थिति रह सकती है।

किन राज्यों में लू का अलर्ट

विभाग के मुताबिक, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 22 से 28 मई के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू या भीषण लू की स्थिति रहने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में 22 से 24 मई तक, ओडिशा में 22 से 26 मई तक और तेलंगाना में 22 तथा 23 मई को रात के समय भी मौसम बेहद गर्म रहने का अनुमान है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!