उत्तर भारत में अगले 2 दिन तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन 23 मई की रात्रि से कुछ हिस्सों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे सकता है। खासकर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, पश्चिमी यूपी और बिहार के कुछ हिस्सों पर बादल छा सकते हैं और धूल भरी आंधी के बीच मेघ गर्जन और बूंदाबादी या हल्की बारिश से मौसम बदल सकता है। इस दौरान ज्यादातर हिस्सों पर भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का सिलसिला बरकरार रहेगा। आईएमडी ने विक्षोभ के अस से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लेह और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय हिस्सों पर अंधड़ और बारिश-बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। स्काईमेट ने दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक समेत पश्चिमी घाट के हिस्सों पर तूफानी हवाएं चलेंगी और तेज पानी बरसने का अनुमान है। उधर, पूर्वोत्तर भारत में प्री मानसूनी (Pre Mansoon) गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली-एनसीआर में सूरज की तपिश ने बेहाल कर रखा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने लगातार बढ़ते तापमान के बीच लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अब दिन ही नहीं रातें भी गर्म प्रतीत होने का अनुमान है। हालांकि, अगले 48 वीकेंड के दौरान मौसम में कुछ तब्दीली आ सकती है, जिससे बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी मौसम को बदल सकती है। फिलहाल, हवा की क्वालिटी बदतर स्थिति को ओर बढ़ी है। राजधानी में एक्यूआई 230 के आसपास पहुंच गई, जो खराब श्रेणी में आती है। सीपीसीबी के मुताबिक, 0 से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है।
यूपी में मौसम कैसा है
उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान ने सिरदर्दी बढ़ा दी है। बुंदेलखंड के जिलों बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही और जौनपुर में हीटवेव का रेड अलर्ट घोषित है। वहीं, हमीरपुर, जालौन, महोबा, झांसी, ललितपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत 34 जिलों के लिए भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि मौसम कार्यालय ने फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदांयू और देवरिया समेत 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट का अनुमान है। आईएमडी ने बताया अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी यूपी में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है।
बिहार में बारिश होगी क्या
बिहार में कई जिले तपिश और लू की चपेट में हैं। अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। अगले 5 दिनों के दौरान रुक-रुककर आंधी और हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। खासकर, किशनगंज, अररिया, समस्तीपुर, शिवहर, सुपौल, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण समेत कई अन्य जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बादलों की गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश होने की चेतावनी है।
23 मई (शनिवार) का तापमान
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 30°C | 45°C |
| चंडीगढ़ | 28°C | 39°C |
| जयपुर | 31°C | 41°C |
| भोपाल | 30°C | 41°C |
| पटना | 29°C | 39°C |
| लखनऊ | 29°C | 42°C |
| मुंबई | 30°C | 34°C |
| कोलकाता | 29°C | 37°C |
| चेन्नई | 31°C | 37°C |
| बेंगलुरु | 22°C | 32°C |
| रांची | 26°C | 39°C |
| देहरादून | 23°C | 33°C |
| शिमला | 17°C | 27°C |
| कश्मीर | 8°C | 17°C |
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में तेज गर्मी और लू की स्थिति है। राज्य के अधिकांश भागों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है। इसी बीच 22 मई की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव पड़ सकता है, जिससे राज्य के कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान धूल भरी तेज आंधी के साथ बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। आईएमडी ने वीकेंड पर भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, चारखी और दादरी में मेघ गर्जन के साथ आंधी-पानी का अलर्ट घोषित किया गया है।
पंजाब में बारिश का मौसम कैसा है
पंजाब में भीषण गर्मी और लू के बीच कुछ जिलों में मौसम बदल गया है। आईएमडी की मानें तो होशियारपुर, फगवाड़ा समेत कुछ स्थानों पर शुक्रवार की सुबह हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आई और लोगों को कुछ राहत मिली। वहीं, जालंधर और पठानकोट जिलों में बादलों की गरज के बीच आकाशीय बिजली चमकी और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। फिलहाल, कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। आईएमडी ने अगले 2 दिन तक राज्य में मौसम खराब रहने का अनुमान जताए हैं।
राजस्थान में बारिश का मौसम
राजस्थान के कई जिलों में शुक्रवार से धूल भरी आंधी व तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इससे तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के अधिकतर भागों में आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी व उत्तरी भागों में 22-23 मई को दोपहर बाद बादल गरजने व कहीं-कहीं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। इसी तरह आज व कल राज्य के कुछ भागों में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज धूल भरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। साथ ही 24 मई से तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने और राज्य के कुछ भागों में ’हीटवेव’ व कहीं-कहीं तीव्र ’हीटवेव’ का अनुमान है। इस समय राज्य के उत्तरी भागों में अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री व शेष अधिकांश भागों में 42-44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस गंगानगर में दर्ज किया गया।
हिमाचल का मौसम
हिमाचल प्रदेश के मैदानी भागों पर लगातार भीषण गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन पहाड़ी भागों पर अभी ठंडक महसूस की जा रही है। शिमला मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 22 और 23 मई को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव से कुछ हिस्सों पर हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हो सकती है। 24 और 25 मई को शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी समेत कई अन्य स्थानों पर तेज आंधी चलने और बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। उधर, शिंकुला और रोहतांग दर्रे के आसपास बर्फबारी जारी है, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। उधर, कश्मीर घाटी के साथ कुछ अन्य हिस्सों पर मौसम खराब होने का अनुमान जताया गया है। श्रीनगर समेत कई अन्य भागों पर पानी बरसने और बारिश होने की संभावना है। हालांकि, जम्मू के मैदानी हिस्सों पर भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
केरल, कर्नाटक में बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के राज्यों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से प्री मानसूनी गतिविधियां जारी हैं। बेंगलुरु में मानसून से पहले 22-23 मई को मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले 2 दिन तक केरल, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्ष्यद्वीप, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिमी घाट के हिस्सों पर तेज हवाओं के साथ बादलों के बरसने के संकेत हैं। उधर, महाराष्ट्र और गोवा के कुछ भागों पर भीषण गर्मी और लू के बीच बारिश की संभावना है।
कहां पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, श्रीलंका में मानसूनी बारिश जारी है। हालांकि, दक्षिण-पश्चिम मानसून 17 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और बंगाल की खाड़ी के हिस्सों पर एंट्री ले चुका है। लेकिन 26 मई को इसके केरल तट से टकराने की संभावना है, जिसके बाद तटीय भागों पर आंधी, तूफानी और मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू होगा।
