शहर

छत्तीसगढ़ में सनसनी! 3 जिला अदालतों को मिली बम से उड़ाने की धमकी

छत्तीसगढ़ में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन जिला अदालतों को बम धमाके की धमकी वाले गुमनाम ईमेल मिले। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए संबंधित अदालत परिसरों में तलाशी अभियान शुरू किया। राजनांदगांव, दुर्ग और बिलासपुर की अदालतों को मिले इन संदेशों के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

Image

बम की धमकी वाले ईमेल से छत्तीसगढ़ के तीन डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सिक्योरिटी अलर्ट जारी (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में गुरुवार को तीन जिला अदालतों को गुमनाम ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अदालत परिसरों की सघन जांच की। अधिकारियों के अनुसार राजनांदगांव, दुर्ग और बिलासपुर जिला अदालतों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर संदिग्ध संदेश प्राप्त हुए, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

राजनांदगांव में सुबह 10:07 बजे अदालत की आधिकारिक ईमेल पर एक अज्ञात प्रेषक का संदेश आया, जिसमें आरडीएक्स से बने इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के जरिए आत्मघाती हमले की धमकी दी गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ईमेल में यह चेतावनी भी दी गई थी कि दोपहर 2:35 बजे तक न्यायाधीशों को परिसर खाली करा लिया जाए। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और पूरी तरह तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस अधिकारी ने क्या बताया?

पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को तत्काल अवगत कराया गया और सभी आवश्यक सुरक्षा व एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और श्वान दल के साथ पुलिस टीम को तुरंत अदालत परिसर भेजा गया और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर परिसर खाली कराया गया।

मामले की जांच जारी

अधिकारी ने बताया कि गहन तलाशी के दौरान परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु, विस्फोटक, बम या अन्य खतरनाक सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस ने यह भी बताया कि दुर्ग और बिलासपुर जिला अदालतों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिले थे, जिसके बाद वहां की पुलिस ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए तलाशी अभियान चलाया। ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article