शहर

Uttarakhand : युवाओं से BJP अध्यक्ष नितिन नबीन का सीधा संवाद, रोजगार, स्टार्टअप और AI पर खुलकर बात; CM धामी ने दिया रोजगार का भरोसा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा देने के साथ युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा, क्षमता और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच दिया है।

Image

हल्द्वानी में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन का युवा संवाद

हल्द्वानी : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया और युवाओं से संवाद किया। इस दौरान करियर, रोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। संवाद के दौरान युवाओं ने प्रदेश और देश के विकास से जुड़े विषयों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। युवाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए। साथ ही रोजगार, स्वरोजगार और प्रदेश में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर सुझाव भी दिए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा देने के साथ युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा, क्षमता और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच दिया है। आज का युवा केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है। उन्होंने कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक के दौर में युवाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं। उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं। उनकी ऊर्जा और सामर्थ्य को प्रदेश के विकास से जोड़कर उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर बढ़ाना महत्वपूर्ण है। युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज एक सशक्त माध्यम है और युवाओं को इसका सकारात्मक इस्तेमाल देश और समाज के विकास के लिए करना चाहिए। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए 140 करोड़ देशवासियों को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जीवन में समय प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण है और सफलता के लिए समय का सदुपयोग जरूरी है।

सीएम धामी ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद सरकार ने इस संकल्प के साथ काम किया कि “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं।” इसी दिशा में सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया। अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई। नकल माफियाओं को जेल भेजा गया और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त शिकंजा कसा गया।

धामी ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित न रखते हुए स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी उत्तराखंड तेजी से नई पहचान बना रहा है। राज्य में खेल अवस्थापना सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम आगे बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीते हैं। यह राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा और बदलते खेल वातावरण का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें, इसके लिए सरकार की ओर से निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और सामर्थ्य ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article