शहर

BJP पर बरसे AAP नेता, बोले- एक साल में ही दिल्ली का सत्यानाश कर दिया

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का कहना है कि भाजपा को दिल्ली के लोगों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा ने एक साल में ही दिल्ली का सत्यानाश कर दिया है। दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी हत्याओं और हादसों में जान जाने की घटनाओं को दिल्ली सरकार की लापरवाही बताया है।

Image

अरविंद केजरीवाल का दिल्ली की भाजपा सरकार पर तीखा हमला

देश की राजधानी दिल्ली में हत्या और हादसों की बढ़ती घटनाओं के बीच आम आदमी पार्टी ने भाजपा की 'चार इंजन' सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने कहा कि सरकारी लापरवाही के कारण मासूम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, जबकि पूरा तंत्र मौन बना हुआ है। बुधवार को 'AAP' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा ने एक साल के भीतर दिल्ली की व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है और उसे जनता की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी प्रेस बयान में BJP सरकार और उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजधानी में खुले नालों और गड्ढों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। उनके अनुसार, डीडीए सहित विभिन्न एजेंसियों के अधीन आने वाले कई नाले खुले पड़े हैं, जिनमें गिरकर लोगों की मौत हो रही है।

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पहले उपराज्यपाल खुद को 'लोकल गार्जियन' बताते थे और अधिकारियों की टीम के साथ इंस्पेक्शन कर कमियां गिनाते थे, लेकिन अब वे चुप हैं। उन्होंने कहा कि पहले किसी भी घटना पर एजेंसियां एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल देती थीं, लेकिन अब एमसीडी, डीडीए, दिल्ली सरकार और केंद्र, सभी पर भाजपा का नियंत्रण है, इसलिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।

दिल्ली AAP अध्यक्ष ने दावा किया कि बीते 24 घंटों में छह हत्याएं हुई हैं, जिनमें स्कूली छात्रों की भी मौत शामिल है। भारद्वाज ने कहा कि इतनी गंभीर घटनाओं के बावजूद न उपराज्यपाल, न मुख्यमंत्री और न ही केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया आई है।

'आप' नेताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर आम लोग असुरक्षा और हादसों से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार उत्सवों और उद्घाटनों में व्यस्त है। पार्टी ने मांग की है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे की स्थिति पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि आगे किसी निर्दोष की जान न जाए।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article