Saran Crime: बिहार के सारण जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वहीं, शव को आधी रात बाद उसके मायके के घर के बाहर फेंक दिया गया। इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
स्कॉर्पियो वाहन से कुछ लोगों ने लाया था शव
सुबह जब परिजनों ने घर के बाहर बेटी का शव पड़ा देखा तो कोहराम मच गया। इसके बाद परिजनों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में साफ तौर पर देखा गया कि एक स्कॉर्पियो वाहन से कुछ लोग उतरते हैं और महिला का शव घर के सामने फेंककर मौके से फरार हो जाते हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका की पहचान सरिता के रूप में हुई है। परिजनों ने सरिता के पति और ससुराल पक्ष पर साजिश के तहत हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने बताया कि करीब 9 महीने पहले सरिता की शादी वैशाली जिले के करताहां थाना क्षेत्र के करताहां बुजुर्ग गांव निवासी सत्येंद्र कुमार से हुई थी। शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था।
ससुराल पक्ष पैसों का कर रहा था डिमांड: मृतिका के पिता
पीड़ित पिता का आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री के लिए दामाद को 8 लाख रुपये भी दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार 3 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। इसी को लेकर सरिता को प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और उसके परिजनों ने सरिता की गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को मायके के बाहर फेंक दिया।
इधर, सोनपुर क्षेत्र में स्कॉर्पियो से महिला का शव फेंके जाने का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने बताया कि महिला की पहचान कर ली गई है और यह मामला दूसरी शादी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि स्कॉर्पियो किसी पुलिसकर्मी की हो सकती है, इस आशंका की भी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी के आधार पर जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
