शहर

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई सीनियर IAS अधिकारियों का ट्रांसफर; राजीव कुमार श्रीवास्तव को बड़ी जिम्मेदारी

बिहार की सम्राट सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। 2013 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव कुमार श्रीवास्तव को वित्त विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया।

Image

(प्रतीकात्मक फोटो)

बिहार सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों का तबादला किया तथा कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, 1992 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।

अरविंद कुमार चौधरी गृह विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त

अधिसूचना के मुताबिक, 1995 बैच के आईएएस अधिकारी और मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को गृह विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, 2004 बैच के आईएएस अधिकारी और उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

बिहार मानवाधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी को अतिरिक्त प्रभार

अधिसूचना के अनुसार 2007 बैच के आईएएस अधिकारी तथा वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग में सतर्कता आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा, 2009 बैच की आईएएस अधिकारी एवं बिहार मानवाधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। उधर, 2013 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव कुमार श्रीवास्तव को वित्त विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया ।

सरकार के इस ताजा प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय समन्वय बेहतर बनाने, शासन व्यवस्था को मजबूत करने और नीतियों के क्रियान्वयन में तेजी लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस बदलाव को लेकर राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी काफी चर्चा हो रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 15 मई को भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया था और कई विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी थीं।

उसी फेरबदल में 1996 बैच के आईएएस अधिकारी के सेंथिल कुमार को गन्ना उद्योग विभाग से हटाकर श्रम संसाधन एवं प्रवासी मजदूर कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें