शहर

Bihar Crime: बिहार में दिनदहाड़े बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस की चार टीमें

Bihar Crime: बिहार के भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

Image

भागलपुर में दिनदहाड़े सनसनी

Photo : iStock

Bihar Crime: बिहार के भागलपुर जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार को दिनदहाड़े भाजपा (Bhagalpur BJP Leader Murder) के एक स्थानीय नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों के बीच भारी आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बबरगंज थाना क्षेत्र के ठठेरी टोला में मां तारा होटल के पास की है। कुतुबगंज के रहने वाले और भाजपा के मंडल अध्यक्ष 55 वर्षीय उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती काली स्थान से अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें जबरन रोका और बेहद करीब से उन पर गोली चला दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार

वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोग और परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि हमलावरों को पकड़ने और घटना के पीछे की सही वजह का पता लगाने के लिए 4 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे सामाजिक या राजनीतिक रंजिश का मामला मान रही है। वहीं, परिजनों ने भी कुछ संदिग्धों के नाम पुलिस को बताए हैं, जिसके आधार पर आगे की छानबीन की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर से भाजपा विधायक रोहित पांडेय मायागंज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और पुलिस प्रशासन से हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article