Bhuj SOG Arrest: पश्चिम कच्छ के भुज क्षेत्र में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहबाज भट्टी की नकली इंस्टाग्राम आईडी बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से 669 ग्राम गांजा, एक देसी सिंगल बैरल बंदूक, 181 बंडल नकली भारतीय नोट, एक छुरी, दो कुल्हाड़ियां और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत लगभग 55,700 रुपये बताई गई है।
इंस्टाग्राम पर फॉलो और फर्जी आईडी
एसओजी की टीम को जानकारी मिली कि आरोपी आफताब उर्फ अल्ताफ रजाक खाटकी (27 वर्ष, भुज) ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहबाज भट्टी को इंस्टाग्राम पर फॉलो किया हुआ था और उसकी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी भी बनाई थी। आरोपी अपराधी मानसिकता से प्रेरित होकर संदेहास्पद वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करता था।
क्या-क्या हुआ बरामद?
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत उसके घर छापेमारी की, जहां अवैध रूप से स्टोर किए गए नारकोटिक्स ड्रग्स (गांजा) बरामद हुए। इसके साथ ही बच्चों की मनी बैंक प्रिंट वाली नकली नोटें (500, 200, 50 और 20 रुपये के मूल्य में) भी जब्त की गईं, जिनका इस्तेमाल धोखाधड़ी के उद्देश्य से किया जाता था।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा और पुलिस महानिरीक्षक चिराग कोरडिया के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, बीएनएस एक्ट और जीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार यह छापेमारी नशीली दवाओं, हथियारों और नकली मुद्रा से जुड़ी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जांच अभी जारी है और आरोपी से पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।
