MP News: रविवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में 80 करोड़ की लागत से बन रहे ओवरब्रिज का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। इस दुर्घटना में 6 लोग घायल हो गए हैं। गनीमत रही कि जब पुल ढहा तो उस वक्त कोई नीचे काम नहीं कर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना दोपहर एक बजे पोहरी हाईवे पर बस स्टैंड और रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। उन्होंने बताया कि जिस हिस्से पर पुल गिरा, उसके नीचे कोई काम नहीं कर रहा था, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। घायल हुए छह मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मजदूर पुल पर कंक्रीट बिछा रहे थे, उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग (MPPWD) ने पुल निर्माण का ठेका शुभम कंस्ट्रक्शन नाम के एक फर्म को दिया था।
कंपनी के निर्माण गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी प्रवीण पांडे ने मीडिया को बताया कि एक तकनीकी दिक्कत के कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि "जरूरत से अधिक कंपन हुआ, जिससे ढांचा अस्थिर हो गया और ढह गया।" जानकारी के लिए आपको बता दें, कि कंक्रीट बिछाते समय सही तरीके से सारी जगहों को भरने के लिए वाइब्रेटर्स का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि सारे कोने और मुश्किल जगहों पर भी कंक्रीट चला जाए।
कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौर ने बताया कि निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है। राठौर ने कहा, "तकनीकी जांच चल रही है। जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
