भोपाल

MP के सीधी में पेशाब कांड पर सियासतः आरोपी का BJP से जुड़ा नाम, MLA का इन्कार; कांग्रेस नेता ने पूछा- कहां गया बुलडोजर?

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jul 5, 2023, 12:02 AM IST

Sidhi Viral Video: इस बीच, कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने इस मसले को मुद्दा बनाने की कोशिश की। उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "केस को दो दिन हो गए हैं और कोई एक्शन न लिया गया। सीएम सिर्फ ट्वीट कर रहे हैं। कहां गया बुलडोजर?" हालांकि, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने साफ कहा है कि हम अपराधी को किसी भी कीमत पर छोड़ेंगे नहीं। अपराधी की कोई जाति, धर्म या फिर पार्टी नहीं होती है। उसे सजा भुगतनी होगी।

Image

मध्य प्रदेश के सीधी जिला से यह वीडियो सामने आया है, जिसमें मानसिक विक्षिप्त बताए गए युवक पर इस शख्स ने पेशाब की। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)

Sidhi Viral Video: मध्य प्रदेश के सीधी में जिस शख्स ने दलित युवक पर पेशाब कर मानवता को शर्मसार किया, उसका कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ जुड़ाव बताया गया। आरोपी की पहचान प्रवेश शुक्ला के रूप में हुई है और सोशल मीडिया पर उसके कुछ फोटो सामने आए हैं, जिनमें वह सीधी के विधायक केदारनाथ शुक्ला के साथ नजर आया।

"टाइम्स नाउ नवभारत" को शुक्ला ने बताया कि उस व्यक्ति का नाम प्रवेश शुक्ला है। वह न तो मेरा प्रतिनिधि है और न ही बीजेपी का कार्यकर्ता है। वह एक स्थानीय व्यक्ति है, जिसे मैं जानता हूं। किसी के साथ भी फोटो वायरल होना कोई बड़ी बात नहीं है। आजकल सोशल मीडिया पर कुछ भी बनाकर वायरल किया जा सकता है।"

मामले को सियासी रंग देने का आरोप लगाते हुए वह आगे बोले- कांग्रेस इस पर राजनीति कर रही है। वह न तो आज मेरा प्रतिनिधि है और न ही पहले कभी रहा है। मुझसे मुख्यमंत्री ने भी इस बारे में पूछा था और मैंने उनको जानकारी दे दी है कि यह व्यक्ति मेरा प्रतिनिधि नहीं है। इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मैं पिछले हफ्ते से भोपाल में हूं।"

Pravesh Shukla

सोशल मीडिया पर यह फोटो वायरल हुआ है।

उन्होंने आगे कहा- जहां तक हलफनामे के वायरल होने का सवाल है, मुझे किसी तरह के हलफनामे की जानकारी नहीं है। मैं आज सीधी जा रहा हूं। वहां जाकर एसपी और कलेक्टर से बात करूंगा और इस मामले में सख्त कार्रवाई के लिए कहूंगा। यह घटनाक्रम बहुत ही आपत्तिजनक है, जिसमें सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस बीच, एक हिंदी वेबसाइट ने एमएलए ने स्वीकारा कि वह सीधी से लगभग 20 किमी दूर रहता है। कुबरी गांव निवासी प्रवेश को वह जानते हैं। वह विधायक हैं, इसलिए उन्हें उसके बारे में पता है। सूत्रों की मानें तो आरोपी विक्षिप्त बताया जा रहा है। वह कुछ रोज पहले आत्महत्या की कोशिश भी कर चुका है। बहरहाल, मामले से जुड़ा घिनौना वीडियो (ऐसा है कि उसे यहां दिखाया नहीं जा सकता) आने के बाद सियासत भी शुरू हो गई।

Pravesh Shukla Viral Picture

सीधी के विधायक के साथ प्रवेश शुक्ला का यह फोटो भी सोशल मीडिया पर सामने आया।

उधर, पीड़ित दशरथ की पत्नी आशा रावत ने बताया कि वह यह जानना चाहती हैं कि उनके पति के साथ जो हुआ...वह क्यों हुआ? वहीं, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल बोले कि इस तरह का घिनौना कृत्य जिसने भी किया हो...उसके बारे में जितना भी खंडन किया जाए कम है। एक तरह भाजपा आदिवासी वोट बैंक साधने में लगी है, पर भाजपा के लोग इस तरह का घिनौना काम कर रहे हैं।

दरअसल, मंगलवार (चार जुलाई, 2023) को विभिन्न सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर एक वीडियो वायरल हुआ। यह सीधी का था, जिसमें एक शख्स दूसरे युवक पर पेशाब करते नजर आया। घटना से जुड़े वीडियो के वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश देते हुए अपराधी एनएसए के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ता author

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" ... और देखें

End of Article