Madhya Pradesh Elections: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार ने बड़ा दांव चला है। राज्य सरकार ने गृहिणियों से 10,000 रुपए की मासिक आमदनी का वादा किया। सोमवार (10 जुलाई, 2023) को सीएम चौहान ने ऐलान किया कि राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर तबके की हर गृहिणी के लिए 10,000 रुपए की मासिक आमदनी सुनिश्चित करेगी।
सिंह इस दौरान इंदौर में हुए समारोह में थे,जहां उन्होंने प्रतीकात्मक बटन दबाकर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाडली बहना योजना की दूसरी किश्त करीब 1.25 करोड़ लाभार्थी महिलाओं के खाते में पहुंचाई। उन्होंने कार्यक्रम के बाद मीडिया से कहा,‘‘हमारा नया संकल्प है कि हर बहन की मासिक आमदनी कम से कम 10,000 रुपए होनी चाहिए और वे अपने घर का काम-काज करने के साथ ही छोटे-मोटे काम-धंधे से इतनी इनकम कमा सके।’’
उनके मुताबिक, इस संकल्प को मूर्त रूप देने के लिए संबंधित महिलाओं को महज दो प्रतिशत की ब्याज दर पर बैंक से कर्ज दिलाया जाएगा, जिसकी अदायगी की गारंटी प्रदेश सरकार लेगी। आजीविका मिशन के तहत इन महिलाओं के स्व-सहायता समूह बड़े पैमाने पर बनाए जाएंगे ताकि वे बैंक कर्ज लेकर अपना काम-काज शुरू कर सकें।
दरअसल, 10 जून से चालू की गई लाडली बहना योजना के तहत लाभार्थी महिला को हर महीने सरकारी खजाने से 1,000 रुपए की सहायता राशि दी जाती है। सीएम पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि इस रकम को सिलसिलेवार तरीके से बढ़ाकर 3,000 रुपए तक पहुंचाया जाएगा।
वैसे, सोमवार को जो घोषणाएं और कदम उन्होंने उठाए, वे ऐसे वक्त पर लिए जब सूबे में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। सियासी जानकारों की मानें तो शिवराज सरकार ने ये चीजें महिला मतदाताओं को साधने और लुभाने के मकसद से की हैं, जबकि उनके वोटों के लिए प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस में भी होड़ है। (पीटीआई इनपुट्स के साथ)
