भोपाल

युवाओं के लिए खेल के साथ शिक्षा जरूरी, CM चौहान बोले- तैयार हो रहा माइक्रो प्लान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 10, 2023, 01:46 PM IST

MP News in Hindi: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा अपने बेटे-बेटियों के सपनों को पूरा करूंगा। खूब पढ़ो, आगे बढ़ो, मामा आपके साथ हैं। प्रदेश में युवाओं के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है।

Image

सीएम शिवराज सिंह चौहान

MP News: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बेटा-बेटियों के जीवन में हमेशा खुशियां और चेहरे पर मुस्कान रहे। क्षेत्र के बेटा-बेटी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जाकर खेलें, इसके लिए मैं हर सुविधा देने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा, पूरा माइक्रो प्लान तैयार किया जाएगा, जिससे हर विधा में हमारे क्षेत्र के बच्चे हर खेल में आगे बढ़ें। खेल जीवन का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि मैं अपने बेटे-बेटियों के सपनों को पूरा करूंगा। खूब पढ़ो, आगे बढ़ो, मामा आपके साथ हैं। बेटा-बेटियों के लिए तीन चीजें आवश्यक हैं खेल, शिक्षा और रोजगार। युवाओं के आनंद और प्रसन्नता के लिए खेल जरूरी है।

दरअसल, मुख्यमंत्री चौहान भैरूंदा में प्रेम सुंदर स्मृति कबड्डी टूर्नामेंट-2023 के समापन पर खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सपरिवार कबड्डी टूर्नामेंट का आनंद लिया और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। कबड्डी महाकुंभ में विधानसभा क्षेत्र की 226 टीमों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रथम, द्वितीय पुरस्कार के अलावा सभी प्रतिभागी टीमों को पहले दिये जाने वाले 5000 रूपए के पुरस्कार को बढ़ाकर अब 11000 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।

खेल के साथ बेहतर शिक्षा जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के साथ-साथ बेहतर शिक्षा भी जरूरी है। इसलिए सीएम राइस स्कूल खोले गए हैं। कक्षा 12वीं में 70 प्रतिशत लाने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 25 हजार रूपए दिए जाएंगे। जिन बच्चों ने हायर सेकेंडरी परीक्षा में अपने-अपने स्कूलों में सबसे ज्यादा अंक हासिल किए हैं, उन्हें स्कूटी दी जाएगी। पढ़ाई के लिए अपने गांव से दूर जाने वाले पांचवी कक्षा उत्तीर्ण कर छठवीं के विद्यार्थियों एवं आठवीं पास कर 9वीं में आए विद्यार्थियों के खाते में 4500 रूपए की राशि डाली जाएगी। साथ ही 12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली बेटियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5000 रूपए अलग से प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा, मेडिकल तथा इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग दिलायी जाएगी। साथ ही बेटा-बेटियों को उच्च शिक्षा में कोई समस्या नहीं आए, इस उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों तथा उच्च शिक्षण संस्थाओं में एडमिशन होने पर पूरी फीस भरी जाएगी।

15 अगस्त तक पूरी होंगी एक लाख सरकारी भर्तियां

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि रोजगार के लिए एक लाख से ज्यादा सरकारी भर्तियां 15 अगस्त तक पूरी हो जाएंगी। इसके बाद 50 हजार भर्तियां फिर से निकाली जाएंगी। बेटा-बेटी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तरीके से तैयारी कर सकें, इसके लिए मामा कोचिंग क्लासेस निरंतर संचालित की जा रही हैं। साथ ही स्व-रोजगार के लिए युवाओं को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में 50 लाख रूपए तक का ऋण स्वीकृत किया जाएगा।

सीखो कमाओ योजना के तहत प्रशिक्षण के साथ स्टायपेंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना में विभिन्न क्षेत्रों में काम सीखने वाले युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ 8 से 10 हजार रुपए का स्टायपेंड दिया जाएगा। इसके लिए बनाये गये पोर्टल पर काम सीखने के इच्छुक युवाओं और काम सिखाने वाली संस्थाओं का पंजीयन हो रहा है। कार्यक्रम को कार्तिकेय चौहान ने भी संबोधित किया। शुरुआत में मुख्यमंत्री चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह, सांसद रमाकान्त भार्गव, अन्य जन-प्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article