MP News: मध्यप्रदेश सरकार आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में वृंदावन ग्राम योजना के तहत विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी देगी। यह बैठक लगभग पंद्रह दिन बाद हो रही है। दरअसल केंद्रीय मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक के चलते पिछली कैबिनेट बैठक को टाल दिया गया था। एमपी सरकार ने वृंदावन ग्राम योजना के लिए साल 2025-26 के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। योजना के तहत ग्रामीणों को पशुपालन से जोड़ते हुए उनकी आय बढ़ाने और जैविक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जैविक खेती और पशुपालन को बढ़ावा
वृंदावन ग्राम योजना का उद्देश्य राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में जैविक खेती और पशुपालन को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत उन गांवों को चयनित किया जाएगा, जहां कम से कम दो हजार की जनसंख्या और पांच सौ से अधिक गोवंश हों। सरकार पहले ही प्रदेश के 313 विकासखंडों में एक-एक वृंदावन ग्राम विकसित करने का फैसला कर चुकी है। इन गांवों का चयन प्रभारी मंत्रियों के परामर्श से कलेक्टर करेंगे। इनके कार्यों की निगरानी जिला स्तरीय समिति करेगी।
बैठक में वृंदावन योजना के अलावा सिंचाई परियोजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। इस बैठक मं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हाल ही में वाराणसी में हुई चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मुख्य सचिवों की बैठक के बारे में अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों को बताएंगे। साथ ही बैठक में निर्दश दिए जाएंगे कि सावन और भादों के पावन महीनों में होने वाले धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंत्री अपने-अपने जिलों में सक्रिय रहें और सतर्कता बरतें।
