मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहजहांनाबाद में सोमवार दोपहर एक बच्ची की करंट की चपेट में आने से मौसम हो गई। बच्ची को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। बताया जा रहा है कि बच्ची की जान बिजली विभाग की लापरवाही के कारण गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
इसी साल नर्सरी में लिया था एडमिशन
पुलिस ने मृत बच्ची की पहचान आयशा के रूप में की है। बताया जा रहा है कि आयशा के माता-पिता ने उसका इसी साल नर्सरी में एडमिशन करवाया था। लेकिन स्कूल जाने से पहले बच्ची की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आयशा अपने घर के बाहर खेलने गई थी। तभी उसने खंभे को छू लिया, जो पानी में डूबा हुआ था। खंभे को छूते ही बच्ची को करंट लगा और उसकी मौत हो गई।
बिजली विभाग पर लगा लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा किया, जिसके बाद विधायक आतिफ अकील और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों का आरोप है कि खंभे पर लगे तारों में कट लगे हुए थे और बारिश के कारण खंभा गीला था, जिससे करंट फैल गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी अनिल बाजपेयी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
बता दें कि आयशा के पिता, साजिद खान, लोडिंग ऑटो चलाते हैं और आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। हाल ही में उनके ऑटो को किस्त न भर पाने के कारण सीज कर दिया गया था। आयशा की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
