भोपाल

Ratlam: 8वीं के छात्र ने उठाया खतरनाक कदम, स्कूल में मोबाइल लाने पर पड़ी डांट तो लगाई तीसरी मंजिल से छलांग

रतलाम के एक स्कूल में आठवीं कक्षा के एक छात्र द्वारा तीसरी मंजिल से कूदने की घटना ने सभी को हैरान कर दिया। मोबाइल इस्तेमाल को लेकर हुई फटकार के बाद छात्र ने यह कदम उठाया, जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया। फिलहाल छात्र का अस्पताल में इलाज जारी है।

Image

8वीं के छात्र ने स्कूल बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से लगाई छलांग

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ratlam School Incident: रतलाम के एक स्कूल में आठवीं कक्षा के एक स्केटिंग खिलाड़ी छात्र ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर सभी को चौंका दिया। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले छात्र मोबाइल फोन लेकर स्कूल आया था, जबकि संस्थान में मोबाइल लाना प्रतिबंधित है। इस नियम उल्लंघन पर स्कूल प्रिंसिपल ने उसे समझाया और फटकार लगाई, साथ ही परिजनों को बुलाकर मामले की जानकारी दी।

इसी बात से आहत छात्र अचानक सीढ़ियों की ओर दौड़ा और तीसरी मंजिल पर पहुंचकर नीचे कूद गया। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई। रतलाम शहर की एसडीएम आर्ची हरित मौके पर पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी ली। एसडीएम के अनुसार, नियम तोड़ने पर छात्र को केवल समझाया गया था, लेकिन इसी बात पर उसने यह कदम उठा लिया। फिलहाल घायल छात्र का रतलाम के एक अस्पताल में इलाज जारी है।

नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप में लेना था हिस्सा

घायल छात्र के पिता स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं और घटना के समय स्कूल भी पहुंचे हुए थे। छात्र की मां ने बताया कि उनका बेटा स्केटिंग का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी है और कई प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुका है। अगले सप्ताह उसे विशाखापट्टनम में होने वाली नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेना था। मां के अनुसार, शुक्रवार सुबह मोबाइल इस्तेमाल करने और रील बनाने को लेकर स्कूल प्रबंधन ने पिता को बुलाया था। बातचीत के दौरान ही यह दुखद घटना हो गई।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article