भोपाल

Bhopal: प्लैटफॉर्म पर कई गाड़ियां चढ़ने के बाद रेलवे की कार्रवाई, दोनों तरफ से लगाई गई बैरिकेडिंग

भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लैटफॉर्म पर गाड़ियों के चढ़ने की कई घटनाओं के बाद रेलवे ने अब प्लैटफॉर्म की बैरिकेडिंग कर दी है। ऐसी सुविधाएं केवल तकनीकी स्टाफ और VIP गतिविधियों के लिए होती हैं लेकिन पिछले दिनों तीन घटनाओं के सामने आने के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया।

Image

रेलवे प्रशासन ने प्लैटफॉर्म पर गाड़ियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की (सांकेतिक तस्वीर|Canva)

Bhopal News: रेलवे स्टेशन पर लगातार हो रही सुरक्षा उल्लंघन की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाए हैं। बीते तीन दिनों में प्लैटफॉर्म पर अवैध रूप से वाहनों के प्रवेश की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। 5 जुलाई को एक युवक कार लेकर प्लैटफॉर्म-6 तक पहुंचा, 6 जुलाई को स्कूटी सवार युवक प्लैटफॉर्म-4 पर यात्रियों के बीच से निकला और 7 जुलाई की रात एक रेलवे कर्मचारी ने अपनी कार प्लैटफॉर्म-1 तक पहुंचा दी। इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।

प्रशासन ने लगाई बैरिकेडिंग

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने प्लैटफॉर्म-1 स्थित वीआईपी गेट और प्लैटफॉर्म-6 के इटारसी एंड वाले रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया है। स्टेशन के दोनों प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और आरपीएफ की अतिरिक्त तैनाती की गई है। खास बात यह है कि अब प्लैटफॉर्म पर न तो कोई वाहन जा सकेगा और न ही बिना जांच कोई व्यक्ति प्रवेश कर सकेगा।

कई घटनाओं के बाद हुआ एक्शन

सोमवार रात घटी एक घटना में गार्ड लॉबी का एक कर्मचारी अपनी कार लेकर सीधे प्लैटफॉर्म पर पहुंच गया था और उसे इंजीनियरिंग साइडिंग के पास खड़ा कर दिया। इस क्षेत्र में आम नागरिकों का प्रवेश पहले से ही प्रतिबंधित है। आरपीएफ ने वीडियो सामने आते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए कार जब्त कर ली और रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि अब वीआईपी मूवमेंट भी सिर्फ अधिकृत अनुमति और सीसीटीवी निगरानी में ही किया जाएगा। सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके पहले 5 जुलाई और 6 जुलाई को भी हो चुकी थी। जिसमें एक युवक कार लेकर सीधे प्लैटफॉर्म-6 तक पहुंच गया था और एक अन्य युवक स्कूटर दौड़ाते हुए प्लैटफॉर्म 4 पर यात्रियों के बीच से निकलता दिखा था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article