पंजाब के जालंधर और फिर अमृतसर में दो धमाकों के बाद पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां जहां एक ओर इसकी जांच कर रहीं हैं, वहीं दूसरी ओर इस पर राजनीति भी तेज हो गई है। पंजाब के सीएम भगवंत मान इन धमाकों को लेकर भाजपा के ऊपर हमला बोल दिया है। उन्होंने इसे भाजपा की साजिश बताते हुए कहा कि यह भाजपा के काम करने का तरीका है। जब किसी राज्य में चुनाव होते हैं,तो वहां ऐसा ही कुछ कर दो।
भगवंत मान ने भाजपा पर लगाए आरोप
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर में खासा कैंप के पास हुए धमाके पर कहा कि भाजपा का यह काम करने का तरीका है कि जिस राज्य में चुनाव लड़ना है पहले वहां दंगे करवा दो, छोटे-मोटे धमाके करवा दो, धर्म, जाति के नाम लोगों को बांट दो। यह भाजपा की चुनाव की तैयारी है... कानून-व्यवस्था बनी रहेगी और दोषियों को सख्त सज़ा होगी। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि पंजाब ने बहुत काले दिन देख लिए हैं, अब पंजाबी यह बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर नफरत के बीज बोने वालों को कभी सफलता नहीं मिलेगी। भाजपा को अपनी घिनौनी चालों और भय की राजनीति से बाज आना चाहिए। पंजाब गुरुओं और पीरों की भूमि है; बंगाल का फॉर्मूला यहाँ काम नहीं करेगा। पंजाबी लोग अपनी शांति और सद्भाव की रक्षा करना बखूबी जानते हैं।
पंजाब के DGP गौरव यादव ने किया धमाके वाली जगह का दौरा
इस बीच, पंजाब के DGP गौरव यादव ने उस जगह का दौरा किया जहां कल रात पंजाब फ्रंटियर में BSF हेडक्वार्टर के पास एक टू-व्हीलर में आग लगने के बाद धमाका हुआ था। गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर के खासा में सेना छावनी की चाहरदीवारी के पास हुआ विस्फोट कम तीव्रता वाला था। विस्फोट मंगलवार रात को हुआ और इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है। अभी तक किसी भी संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि इस घटना के पीछे पाकिस्तान की आईएसआई का हाथ है।
उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि चूंकि आज ऑपरेशन सिंदूर का एक वर्ष पूरा हुआ है, इसलिए यह पंजाब में अशांति फैलाने की पाकिस्तान की आईएसआई की साजिश का हिस्सा है। पंजाब राष्ट्र की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ परोक्ष युद्ध लड़ रहा है। बता दें कि बीती रात पंजाब में दो जगह विस्फोट हुए थे। पहला विस्फोट जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर रात करीब आठ बजे हुआ, जबकि दूसरा धमाका अमृतसर में रात करीब 11 बजे हुआ। दोनों घटनाओं की जांच चल रही है।
