शहर

Bahadurgarh Encounter: हरियाणा पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई, बहादुरगढ़ मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर ढेर

Bahadurgarh Encounter: बहादुरगढ़ में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दिल्ली स्पेशल सेल के जॉइंट ऑपरेशन में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो खूंखार शूटर मारे गए हैं। पिछले महीने हांसी में हुई जिम संचालक की हत्या में ये आरोपी थे।

Image

एसपी विक्रांत भूषण ने दी एनकाउंटर की जानकारी

Photo : ANI

Bahadurgarh Encounter: हरियाणा के बहादुरगढ़ में रविवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक भीषण मुठभेड़ में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो खतरनाक शूटर मारे गए हैं। मारे गए शूटरों की पहचान परवेश और हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों पिछले महीने हिसार के हांसी में हुए चर्चित जिम संचालक कपिल रेड्डी की सरेआम हत्या के मामले में मुख्य आरोपी थे और लंबे समय से वॉन्टेड थे। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। इस क्रॉस-फायरिंग में पुलिस का एक जवान पैर में गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि कई अन्य अधिकारियों की जान उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई।

कैसे बिछाया गया जाल?

इस पूरे एनकाउंटर की विस्तृत जानकारी देते हुए STF के एसपी विक्रांत भूषण ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के प्रभारी मनजीत को एक पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी।

सूचना में बताया गया कि हांसी मर्डर केस में वांछित चल रहे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के ये दोनों शार्प शूटर भारी मात्रा में अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के मकसद से इलाके में घूम रहे हैं। इस इनपुट को आगे बढ़ाते हुए STF और स्पेशल सेल की टीमों ने तुरंत संयुक्त रूप से घेराबंदी की

एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि जब हमारी पुलिस टीमों ने दोनों शूटरों को इंटरसेप्ट किया और उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अपनी और टीम की आत्मरक्षा में पुलिस टीमों को भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलानी पड़ीं। इसमें एक कांस्टेबल के पैर में गोली लगी है और वह घायल है। वहीं, चार और अधिकारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर बदमाशों की गोलियां लगी हैं।

मुठभेड़ थमने के तुरंत बाद पुलिस टीमों ने दोनों घायल शूटरों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' यानी मृत घोषित कर दिया।

क्या था हांसी का कपिल हत्याकांड?

गौरतलब है कि पिछले महीने हरियाणा के हांसी शहर थाना क्षेत्र में दो अज्ञात हमलावरों ने जिम संचालक कपिल की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जब जांच आगे बढ़ाई, तो तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया इनपुट के आधार पर साफ हुआ कि इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले कोई और नहीं बल्कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के यही दोनों शूटर परवेश और हिमांशु थे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article