Badaun News: बदायूं में गंगा नदी का जलस्तर और तेज बहाव ग्रामीण इलाकों के लिए लगातार मुसीबत बनता जा रहा है। उसावां क्षेत्र के कदम नगला गांव में गंगा के तेज कटान ने कई परिवारों की जिंदगी पूरी तरह बदल दी है। नदी की धार धीरे-धीरे गांव की जमीन को निगलती गई और देखते ही देखते करीब 25 मकान गंगा की धारा में समा गए। वर्षों की मेहनत से बनाए गए घरों को अपनी आंखों के सामने ढहते और नदी में बहते देख ग्रामीणों के सामने बेबसी के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।
ग्रामीणों में लगातार दहशत का माहौल
कटान की रफ्तार इतनी तेज है कि ग्रामीणों में लगातार दहशत का माहौल बना हुआ है। कई परिवारों ने अपने घर और घरेलू सामान को बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धार के सामने उनकी सारी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। देखते ही देखते किसी का आशियाना उजड़ गया तो किसी की सालों की जमा-पूंजी पानी में बह गई।
पन्नी और तिरपाल लगाकर सड़क किनारे रहने को मजबूर लोग
मकान गंवाने के बाद प्रभावित परिवार अब सड़क किनारे पन्नी और तिरपाल लगाकर रहने को मजबूर हैं। बारिश के मौसम में खुले आसमान के नीचे जीवन बिताना इन परिवारों के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। खाने-पीने से लेकर बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों तक लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- बिहार में गंगा-गंडक समेत 5 नदियां खतरे के निशान से ऊपर, नेपाल से आए पानी का असर, कई जिलों में अलर्ट
अन्य हिस्से भी आ सकते हैं चपेट में
ग्रामीणों का कहना है कि अगर कटान इसी तरह जारी रहा तो आने वाले समय में गांव के अन्य हिस्से भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। लगातार जमीन कटने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ऐसे में प्रशासन से प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थान, राहत सामग्री और स्थायी पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।
