Ankita Bhandari case: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक वायरल ऑडियो-वीडियो को लेकर उत्तराखंड में सियासी और कानूनी हलचल तेज हो गई है। देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सहारनपुर निवासी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर और हरिद्वार के ज्वालापुर से पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौर की शिकायत के आधार पर की गई है।
सोशल मीडिया पर बदनामी का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए बेबुनियाद और मानहानि के आरोप लगाए गए, जिससे शिकायतकर्ता की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की है। आरोपियों पर IT (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 308(7), 351(2), 352 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सोशल मीडिया कंटेंट की फॉरेंसिक जांच भी की जा सकती है।
बहादराबाद थाने में भी दर्ज हुई शिकायत
इस बीच हरिद्वार के बहादराबाद थाने में भी एक अलग शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो और बयान फैलाए गए, जिससे सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और समुदाय विशेष की भावनाएं आहत हुईं।
साजिश और वर्चस्व की लड़ाई का दावा
शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक धार्मिक पीठ को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है और इसी रंजिश के चलते सोशल मीडिया के जरिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि यह सब सोची-समझी रणनीति के तहत किया गया, जिससे समाज में तनाव और वैमनस्य का माहौल बना।
राठौर ने पत्नी मानने से किया इनकार
पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उर्मिला सनावर को अपनी पत्नी मानने से इनकार किया था। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ AI-जनरेटेड ऑडियो-वीडियो के जरिए साजिश रची जा रही है और इसमें राजनीतिक साजिश भी शामिल हो सकती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वायरल वीडियो में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आने के बाद कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है और जांच के बाद कार्रवाई की मांग कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
