शहर

पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अमृतसर में सीमा पार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

अमृतसर में पंजाब पुलिस ने सीमा पार हथियार और नशा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छह पिस्तौल, 10 कारतूस, 115 ग्राम हेरोइन और 11.90 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

Image

अमृतसर में सीमा पार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

Amritsar Crime News: अमृतसर में पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस, हेरोइन और नकदी बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

डीजीपी ने एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी

पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’गैंगस्टरों पर वार’ के तहत खुफिया जानकारी पर आधारित एक अभियान में अमृतसर आयुक्तालय पुलिस ने सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। जिसमें पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और छह अत्याधुनिक पिस्तौल, 10 कारतूस, 115 ग्राम हेरोइन और 11.90 लाख रुपये बरामद किए।’’

अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपी

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी सीमा पार तस्करी नेटवर्क से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अमृतसर के पुलिस थाना छावनी में शस्त्र अधिनियम और स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

25 KG हेरोइन के साथ दो लोग हुए गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने इससे पहले अमृतसर में दो लोगों को 25 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। जिनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद हुए थे। पंजाब पुलिस ने यह कार्रवाई सीमा सुरक्षा बल, अमृतसर (बीएसएफ) के साथ एक संयुक्त अभियान में कीं। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीजीपी गौरव यादव ने एक पोस्ट में कहा, "सीमा पार मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान में 25 किलोग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल और 60 कारतूस की खेप बरामद की है। इस अभियान के दौरान घोघा इलाके के दो निवासियों को भी गिरफ्तार किया गया है।" उन्होंने कहा कि यह पता लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं कि यह खेप किसने और किसके लिये भेजी थी। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article