शहर

अलीगढ़ में हवाई हादसा टला; उड़ान के 30 मिनट बाद आई खराबी, पायलट ने खेत में कराई इमरजेंसी लैंडिंग

Aligarh Emergency Landing News: अलीगढ़ में धनीपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले पायनियर फ्लाइंग क्लब के एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट की तकनीकी खराबी के कारण खेत में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Image

खेत में उतरा एयरक्राफ्ट

Photo : Times Now Digital

Aligarh Aircraft Emergency Landing: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रविवार को एक बड़ा हवाई हादसा होने से बाल-बाल बच गया। धनीपुर स्थित अलीगढ़ एयरपोर्ट से नियमित उड़ान पर निकले 'पायनियर फ्लाइंग क्लब' के एक टू-सीटर ट्रेनी एयरक्राफ्ट के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। आसमान में इंजन फेल होने के बाद विमान में सवार ट्रेनी पायलट और इंस्ट्रक्टर ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने आबादी वाले क्षेत्र से विमान को दूर ले जाकर पास के ही खेत में विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। गनीमत यह रही कि इस घटना में विमान में सवार दोनों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

उड़ान के आधे घंटे बाद ही मंडराया खतरा

जानकारी के अनुसार, पायनियर फ्लाइंग क्लब का यह विमान रोजाना की तरह रविवार सुबह धनीपुर एयरपोर्ट की हवाई पट्टी से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था। विमान में एक ट्रेनी पायलट और उनके साथ एक सीनियर इंस्ट्रक्टर मौजूद थे। टेक-ऑफ करने के करीब आधे घंटे बाद, जब विमान आसमान में कुछ सौ फीट की ऊंचाई पर था, तभी अचानक एयरक्राफ्ट के तकनीकी सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके बाद पायलटों ने तुरंत धनीपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा और आपात स्थिति की जानकारी दी। चूंकि एयरपोर्ट के रनवे तक वापस लौटने के लिए समय बेहद कम था, इसलिए दोनों पायलटों ने नीचे दिख रहे एक समतल और खाली खेत को लैंडिंग के लिए चुना।

अचानक आसमान से एक विमान को लहराते हुए सीधे खाली खेत में उतरता देख आसपास के गांवों में कौतुहल की स्थिति बन गई और लोग खेतों की ओर दौड़ पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही अलीगढ़ जिला प्रशासन, एयरपोर्ट अथॉरिटी और पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आनन-फानन में सिटी मजिस्ट्रेट, एयरपोर्ट डायरेक्टर समेत स्थानीय थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना हो गईं। अधिकारियों ने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article