Akhilesh Yadav: जहां एक और कल यानी रविवार 10 मई को दोपहर 3:00 बजे यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार होना अब तय हो गया तो वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस पर निशाना साधते हुए राज्य सरकार पर बड़ा बयान दिया है। सपा प्रमुख ने अपने ट्वीटर पर लिखा कि, "दिल्ली से पर्ची आ गयी क्या? सुना है यूपी में कैबिनेट का विस्तार हो रहा है या यूँ कहें कि मुख्यमंत्री जी की शक्ति का ‘कटाव-झटाव’ हो रहा है।
जिनका मंत्रिमंडल है उनसे भी तो कोई पूछ ले। हमारी माँग है कि यूपी के मंत्रिमंडल विस्तार में महिलाओं को आरक्षण दिया जाए।" अखिलेश यादव ने आगे तंज कसते हुए कहा, "वैसे ये सवाल भी कुलबुला रहा है : ‘अगल-बगल’ की जोड़ी का कुछ हला-भला होगा या फिर वो ‘अगले-बगले’ ही झांकते रह जाएंगे या सिर्फ़ रील बनाते।" सपा प्रमुख के इस बयान के बाद यूपी की सियासत में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है।
कल हो सकता है यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार
गौरतलब है कल यानी रविवार 10 मई को यूपी में कैबिनेट विस्तार होगा। खबर यह भी है कि, 8 से 9 नए मंत्री इस दौरान शपथ लेंगे। कुछ मंत्रियों को कैबिनेट से हटाया भी जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी की बागी विधायक पूजा पाल को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसके अलावा कृष्णा पासवान, मनोज पांडे, भूपेंद्र चौधरी और रोमी साहनी के नाम भी मंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों में शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कल दोपहर के बाद राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।
