शहर

आगरा में बारिश के बीच बड़ा हादसा; सुभाष बाजार में ढही दुकान, 4 घायल, एक महिला लापता

ताज नगरी आगरा में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। मंटोला थाना क्षेत्र के सुभाष बाजार में एक जर्जर कपड़ों की दुकान अचानक ढह गई, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जबकि एक महिला की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

Image

आगरा में बड़ा हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Agra Shop Collapse: ताज नगरी आगरा में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के बीच थाना मंटोला क्षेत्र के सुभाष बाजार में एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां एक कपड़ों की दुकान अचानक भरभराकर गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान के नीचे से नाला गुजर रहा था, जिसकी वजह से इमारत कमजोर हो गई और अचानक ढह गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला लापता बताई जा रही है।

बचाव कार्य तेजी से जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गए। जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

एक महिला की तलाश जारी

वहीं जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के बाद लापता हुई एक महिला की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर दमकल की टीम मौजूद हैं और नगर निगम तथा कई विभागों को राहत बचाव कार्य में लगाया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि बताया जा रहा है कि बारिश की वजह से हादसा हुआ।

बेहद जर्जर थी दुकान

सुभाष बाजार कमेटी मंत्री इंदर कुमार मगनानी ने बताया कि इमारत में स्थित दुकान के मालिक तोला राम (71), कृष्णा (25) लाला भाई (48) और एक बच्ची घायल हो गई। उन्होंने कहा कि गंगा देवी (55) लापता है। कुमार ने कहा कि दुकान बेहद जर्जर थी और मरम्मत के लिए नगर निगम से अनुमति मांगी गई थी।

आगरा में रहेगा मौसम का ऐसा हाल

वहीं अगर बात मौसम की करें तो IMD का कहना है कि, 8 से 10 जुलाई के बीच आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। इस दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है। बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक और 8 जुलाई को 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी वर्षा की भी चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article