UP Agra Covid New Guidelines & Rules in Hindi: ताजनगरी आगरा में विदेश से आने वाले भारतीय भी ट्रेस किए जाएंगे। इसके लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। अभी तक 12 लोग आगरा में विदेश से आए हैं। इन सभी को 14 दिन के लिए उनके घर पर ही क्वारंटाइन कर दिया है। हालांकि एयरपोर्ट पर आने वाले सभी पर्यटकों की भी कोरोना जांच हो रही है। इसी तरह ताजमहल, आईएसबीटी, कैंट और आगरा फोर्ट स्टेशन पर भी जांच शुरू कर दी गई है। नए वर्ष की छुट्टियां मनाने के लिए आगरा से करीब 200 लोग देश से बाहर गए हैं। यह सभी जनवरी के पहले हफ्ते तक वापस आ जाएंगे। उधर, ताजमहल देखने के लिए अभी डेढ़ से दो हजार विदेशी सैलानी भी रोजाना यहां आ रहे हैं।
ऐसे में ताजनगरी में अधिक एहतियात की जरूरत है। गौरतलब है कि आगरा में एयरपोर्ट पर निरन्तर कोरोना की जांच हो रही है। दो वर्ष से यहां कोरोना की जांच का काम नहीं रुका है। एयरपोर्ट निदेशक एए अंसारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवा के डॉ. विमल पाठक अपने स्टाफ के संग एयरपोर्ट के आगमन लाउंज में आरटीपीसीआर टेस्ट का बूथ लगातार संचालित कर रहे हैं।
