आगरा

दिल्ली में मची भगदड़ के बाद रेलवे अलर्ट, आगरा से गुजरने वाली कई ट्रेनें कैंसिल

आगरा से गुजरने वाली कई ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। दिल्ली में मची भगदड़ के बाद रेलवे ने यह कदम उठाया है।

Image

दिल्ली भगदड़ के बाद कई ट्रेनें कैंसिल (फाइल फोटो)

Photo : PTI

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में यात्रियों की मौत के बाद उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज ने 16 और 17 फरवरी को चलने वालीं 10 ट्रेनों को निरस्त कर दिया है इसके साथ ही दो ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। प्रयागराज तक चलने वाली कालिंदी एक्सप्रेस 17 फरवरी को कानपुर रेलवे स्टेशन तक ही जाएगी।

कौन-कौन सी ट्रेनें कैंसिल

कानपुर से ही इस ट्रेन को भिवानी के लिए रवाना किया जाएगा ट्रेनें निरस्त होने का असर मंडल के रेलवे स्टेशनों पर पड़ा इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही 16 फरवरी को अप की महाबोधि एक्सप्रेस, रीवा आवत एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस तथा डाउन की महाबोधि एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, रांची गरीब रथ, चौरीचोरा एक्सप्रेस को निरस्त किया गया है।

4 स्पेशल ट्रेनें

महाकुंभ मेले के दौरान अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर उत्तर रेलवे ने भक्तों और यात्रियों की सुगम यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए चार विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। उत्तर रेलवे ने रविवार को बताया कि रेल यात्रियों की सुविधा और महाकुंभ मेले के दौरान अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए रेलवे ने चार महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये चार ट्रेनें विशेष रूप से महाकुंभ के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए चलाई जाएंगी।

  • ट्रेन संख्या-04420 शाम सात बजे नई दिल्ली से खुलेगी और गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली के रास्ते फाफामऊ जंक्शन तक जाएगी।
  • ट्रेन संख्या-04422 रात नौ बजे नई दिल्ली से चलकर गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और रायबरेली होते हुए फाफामऊ जंक्शन तक जाएगी।
  • ट्रेन संख्या-04424 रात आठ बजे आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी और गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और रायबरेली के रास्ते फाफामऊ तक जाएगी।
  • ट्रेन संख्या-04418 दोपहर बाद तीन बजे नई दिल्ली से खुलेगी और गाजियाबाद, चिपयाना बुज़ुर्ग, कानपुर, लखनऊ, फाफामऊ, वाराणसी, दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और पाटलिपुत्र जंक्शन होते हुए दरभंगा जंक्शन तक जाएगी।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची थी भगदड़

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक अन्य घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद रेलवे ने विशेष ट्रेनों की घोषणा की है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डीसीपी रैंक के अधिकारी जांच दल का नेतृत्व कर रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने तत्काल छह अतिरिक्त कंपनियां मौके पर भेजी थीं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की उम्मीद में यात्रियों की भारी भीड़ प्लेटफॉर्म नंबर 14-15 पर पहुंची, इसी दौरान यह घटना हुई। महाकुंभ जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहे यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है, जिसके कारण भीड़भाड़ और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान भगदड़ मच गई।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article