अलीगढ़ से दिल्ली, नोएडा या गुरुग्राम आदि जाने के लिए अभी आपको NH के भरोसे रहना पड़ता है या यमुना एक्सप्रेसवे के भरोसे। लेकिन जल्द ही आप एक नए एक्सप्रेसवे पर फर्राटा मारते हुए अलीगढ़ से दिल्ली, नोएडा या गुरुग्राम तक पहुंच सकते हैं। आपकी यात्रा को सुगम करने के लिए अलीगढ़-पलवल हाईवे पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
मौजूदा समय में खैर-जट्टारी में बाईपास नहीं होने के कारण यहां घंटों जाम लगा रहता है। इस मार्ग पर राजपुर गांव में एक टोल प्लाजा भी बनाया जाएगा। अलीगढ़-पलवल हाईवे का निर्माण कार्य PWD कर रहा है। इसके बाद इसे NHAI के हवाले कर दिया जाएगा।
हाईवे निर्माण के समय तत्कालीन अधिकारियों ने खैर व जट्टारी में बनने वाले बाईपास पर कुछ भी काम नहीं किया। इस वजह से अब खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। यहां कस्बा मार्ग पर हर रोज घंटों जाम लगा रहता है। शादी-व्याह से सीजन में तो यहां के हालात और भी खराब हो जाते हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए शासन स्तर पर इस हाईवे के साथ पिछले दिनों ही ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण का फैसला लिया गया था।
हरियाणा की सीडीएस इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को इस ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण का जिम्मा सौंपा गया है। NHAI यहां 46 किमी सड़क का निर्माण कार्य कराएगी। यहां पर खेरेश्वर चौराहे से निर्माण कार्य शुरू होगा। NHAI इसके लिए 281 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण कर रहा है। अच्छी बात यह है कि अब तक 100 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण हो भी चुका है। इस एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 2400 करोड़ में होगा।
