Agra Senior Citizen Club: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पांच लाख बुजुर्गों के लिए यूपी सरकार सीनियर सिटीजन केयर सेंटर या (सीनियर सिटीजन क्लब) की सुविधा देगी। यह सुविधा उत्तर प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में दी जाएगी। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के माध्यम से धनराशि की व्यवस्था होगी। इसके तहत आगरा नगर निगम शहर में पांच सीनियर सिटीजन क्लब की स्थापना करेगा। पिछले दिनों लखनऊ में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक में सभी नगर निगम में सीनियर सिटीजन केयर सेंटर (सीनियर सिटीजन क्लब) स्थापित करने के निर्देश दिए थे। आवासीय क्षेत्रों में सीनियर सिटीजन क्लबों की स्थापना की जाएगी। जहां आबादी ज्यादा हो। ताकि बुजुर्गों को क्लब तक पहुंचने के लिए ज्यादा दूरी तय ना करनी पड़े।
इसके लिए नगर निगम के अफसर उन्हीं इलाकों में जमीन की तलाश कर रहे हैं। इनमें नगर निगम के स्वामित्व या अन्य किसी सरकारी जमीन का भी लेखाजोखा तैयार हो रहा है। ताजनगरी आगरा में करीब 4.75 लाख बुजुर्ग हैं, जिन्हें इस योजना का फायदा मिलेगा।
