आगरा

Agra Lucknow Expressway: UP में बनेंगी पांच नई इंडस्ट्रियल सिटी, इस एक्सप्रेसवे किनारे वाले गांवों की चमकेगी किस्मत

उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे किनारे औद्योगिक शहर बसाए जाने का खाका तैयार किया जा रहा है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के अलावा अब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे पांच इंडस्ट्रियल सिटी बसाने का प्लान बनाया गया है।

Image

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे

Photo : BCCL

आगरा: यूपी में एक्सप्रेसवे का जाल बिछाकर आवागमन को सुगम बनाया जा रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के साथ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फर्राटे से वाहन दौड़ रहे हैं। वहीं, गंगा एक्सप्रेसवे का काम तेजी के साथ चल रहा है। सरकार की मंशा है कि इन एक्सप्रेसवे के किनारे रोजगार के अवसर भी तैयार किए जाएं। यही कारण है कि औद्योगिक शहर बसाने की परिकल्पना को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है। जहां, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक कॉरिडोर बनाने का खाका तैयार कर लिया गया है। वहीं, अब आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे पांच इंडस्ट्रियल सिटी बसाने का प्लान बनाया गया है।

इतने शहरों को मिलेगी सौगात

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे पांच इंडस्ट्रियल सिटी बनेंगी। सरल किसान वेबसाइट के हवाले से इनमें एकीकृत मैन्यूफैक्चरिंग कलस्टर, वेयरहाउस, कलस्टर और अन्य व्यवसायिक परियोजनाएं विकसित होंगी। एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होने वाली यह सिटी फिरोजाबाद, आगरा, इटावा, कन्नौज और कानपुर में हैं। इनके लिए इन जिलों में आने वाली फतेहाबाद, शिकोहाबाद, सैफई, तिर्वा और बिल्हौर तहसील को चिन्हित किया है। फिलहाल, इनमें आने वाले 13 गांव अधिसूचित कर दिए गए हैं।

इन गावों को मिलेगा फायदा

इसके लिए औद्योगिक विकास विभाग ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा -लखनऊ एक्सप्रेसवे के आगरा जिले की फतेहाबाद तहसील के अई, भलखोरा, जलालपुर गांव चिन्हित किए गए हैं। फिरोजबाद के शिकोहाबाद तहसील के धनपुरा, करनपुर, सुजावलपुर, फतेहपुर करखा, इटावा जिले के सैफई तहसील में हरदोई, शिवपुरी टिमरूआ गांव, कन्नौज के तिर्वा के अलीपुर अहाना ठठिया, कानपुर नगर के बिल्हौर के अरौल, बहरामपुर गांव भी अधिसूचित किए गए हैं। इन एक्सप्रेसवे के किनारे संबंधित चिन्हित गांवों की जमीन अधिग्रहण का काम अगले महीने शुरू होगा। इससे पहले यूपीडा ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे इंडस्टियल सिटी बनाने के लिए गांव अधिसूचित किए थे, निनके लिए प्रक्रिया चल रही है।

500 हेक्टेयर तक जमीन होगी अधिग्रहण

फिलहाल, यूपीडा ने जमीन अधिग्रहण के लिए संबंधित जिलों के डीएम को निर्देशित किया है। उन्होंने इसके लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन सभी जिलों में 100 से 500 हेक्टेयर तक जमीन ली जाएगी। कोशिश होगी कि यह सारी जमीन एक स्थान पर ही हो। इससे निवेशकों को बड़ी परियोजनाएं विकसित करने में सहूलियत होगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article