Cyber Fraud : मोबाइल पर अनजान नंबर से आने वाली कॉल को रिसीव करने पर आप भी मुश्किल में पड़ सकते हैं। दरअसल, साइबर अपराधियों ने लोगों ठगने के लिए अब नए-नए तरीके इजाद कर लिए हैं। यदि आप सतर्क नहीं रहे तो बैंक अकाउंट में पड़ी हुई रकम से आप भी आगरा के इस शख्स की तरह ही हाथ धो बैठेंगे। यहां पर एक साइबर अपराधी ने ट्रांसपोर्टर को उसका साला बनकर फोन किया और उसे 90 हजार का चूना लगा दिया। मामला थाना एत्माद्दौला में दर्ज किया गया है।
'हैलो ! जीजाजी नमस्ते'
कालिंदी विहार स्थित राहुल रेजिडेंसी निवासी ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले निर्मल कुमार के साथ पूरी वारदात हुई। उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि बताया कि एक जनवरी को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई थी। जिसे रिसीव करते ही उन्हें लगा कि ये आवाज उनके साले की है तो वे उससे उसी तरह बात करने लगे। इतने में ही आरोपी ने निर्मल से कहा कि एक व्यक्ति उसे खाते में कुछ रकम भेज रहा है, लेकिन ट्र्रांजक्शन हो नहीं पा रहा है, इसलिए आपके खाते में भिजवा रहा हूं, जैसे ही आए तो ट्रांसफर कर देना। इस पर वे बोले कि ठीक है। कुछ देर के बाद जब उन्होंने अपना अकाउंट चेक किया तो होश ही उड़ गए।
इस तरह बनाया शिकार
साइबर अपराधी ने निर्मल को ठगने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर पहले तो 90 हजार रुपसे क्रेडिट होने के फर्जी मैसेज भेजे। इसके बाद ट्रांसपोर्टर को लगा कि उनके खाते में आ चुके हैं। इस पर उन्होंने अपने बेटे के खाते से आरोपी के खाते में ट्रांसफर भिजवा दिया। निर्मल बताते हैं कि जब उन्होंने थोड़ी देर के बाद अपने अकाउंट का स्टेटस चेक किया तो उनके होश ही उड़ गए। उन्होंने देखा कि खाते में रकम आई ही नहीं थी। जबकि पैसे क्रेडिट होने के मैसेज पड़े हुए थे जो कि फर्जी थे।
पुलिस ने मामले पर क्या कहा
ट्रांसपोर्टर निर्मल कुमार के साथ हुई ठगी पर थाना एत्माद्दौला की पुलिस ने कहा है कि शिकयत दर्ज कर ली गई है। जांच में पता चला है कि आरोपी का खाता बांदा के बैंक का है। आरोपी को ढूंढ़ने के प्रयास भी जारी हैं जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
