Army Fake Sergeant: ताजनगरी आगरा में रविवार को अग्निवीर परीक्षा के दौरान पुलिस ने शातिर ठग को अरेस्ट किया है। आरोपी सेना की वर्दी पहनकर घूम रहा था। साथ ही अभ्यर्थियों को 50 हजार रुपये में भर्ती कराने का झांसा देकर ठगने का प्रयास कर रहा था। आर्मी इंटेलिजेंस के इनपुट पर आगरा की सदर थाना पुलिस ने शातिर को मौके से गिरफ्तार लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। आपको बता दें कि आगरा के एकलव्य स्टेडियम में अग्निवीर की लिखित परीक्षा का आयोजन हुआ था। यहां 12 जिलों के अभ्यर्थियों का सेंटर था। 3500 अभ्यर्थी यहां परीक्षा देने के लिए एक दिन पहले ही आ गए थे।
परीक्षा के समय एक युवक सेना की वर्दी पहनकर घूम रहा था। शातिर खुद को सेना में हवलदार बता रहा था। शातिर का कहना था कि उसकी ड्यूटी अग्निवीर परीक्षा में लगी है। वह 50 हजार रुपये देने पर नौकरी लगवा सकता है। आरोपी ने लोगों को झांसा देने के लिए सेना की वर्दी पहने हुए अपनी कई तस्वीर भी दिखाई।
