Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक न तो अपनी पत्नी को छोड़ना चाहता है, और न ही प्रेमिका को। इस दौरान युवक ने उन्हें अलग-अलग रखने के लिए पूरा प्लान भी बताया। वहीं, परेशान पत्नी का कहना है कि वह उसके खिलाफ केस दर्ज कराएगी। दरअसल, आगरा परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को एक मामले में पति ने कहा कि साहब दिल के हाथों बहुत मजबूर हूं। ऐसे में मैं प्रेमिका को नहीं छोड़ सकता और पत्नी को छोड़ना नहीं चाहता हूं। उसने कहा कि प्रेमिका ने मेरा बुरे समय में साथ दिया है, ऐसे में उसे कैसे छोड़ सकता हूं। उसने केंद्र में कहा कि मैं पत्नी और प्रेमिका दोनों के साथ रहना चाहता हूं। उसने कहा कि पत्नी को घर पर और प्रेमिका को किराए पर रख लूंगा, इससे दोनों में झगड़ा भी नहीं होगा।
उधर, पत्नी का कहना है कि पति सारी कमाई प्रेमिका पर लुटा देता है। वह और उसका बच्चा ऐसे कैसे अपनी जिंदगी गुजर बसर करेंगे। पत्नी का कहना है कि मैं पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराऊंगी। वहीं, केंद्र में इस मामले में अगली तारीख दी है, और युवक से कहा गया है कि वह अपनी प्रेमिका को भी साथ लाए।
