आगरा

तीन एक्सप्रेसवे से लैस होगी ताजनगरी, इन शहरों से आगरा का सफर होगा आसान

आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। जिसके बाद आगरा यूपी का पहला ऐसा शहर बनेगा, जहां से तीन एक्सप्रेसवे गुजरेंगे। इस एक्सप्रेसवे के माध्यम से गंगा एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को वाया लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे से भी कनेक्टिविटी मिलेगी।

Image

आगरा से गुजरेंगे तीन एक्सप्रेसवे

Photo : Twitter

Expressways in Agra: आगरा उत्तर प्रदेश का पहला तीन एक्सप्रेसवे वाला शहर बनने वाला है। केंद्रीय कैबिनेट ने आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे को मंजूदी दे दी है। इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद आगरा शहर से तीन एक्सप्रेसवे गुजरेंगे। आगरा से नोएडा तक यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा से लखनऊ तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पहले ही बन चुका है। इसके अलावा अमृतसर कोलकाता कॉरिडोर और डिफेंस कॉरिडोर भी प्रस्तावित है। आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे के जरिए गंगा एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को वाया लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी मिलेगी। जिससे विकास के नए मार्ग खुलेंगे।

साल 2012 में 4-लेन यमुना एक्सप्रेसवे ने नोएडा और आगरा शहर को कनेक्ट किया था। यह यूपी का पहला हाईस्पीड एक्सप्रेसवे भी था। जिसके बाद 2016 में 6-लेन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे तैयार हुआ। यह यूपी का पहला सबसे लंबा छह लेन का एक्सप्रेसवे था। अब छह लेन का आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे बनने वाला है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) आगरा शहर को दो नए एक्सप्रेसवे से भी लिंक करेगा।

88 किमी लंबा होगा आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे

6-लेन आगरा-ग्वालियर नेशनल हाई-स्पीड कॉरिडोर 88 किमी लंबा होगा। यह एक्सप्रेसवे यूपी, एमपी और राजस्थान से होकर गुजरेगा। यह आगरा के देवरी गांव से ग्वालियर के सुसरा गांव तक जाएगा। इस एक्सप्रसेवे को बनाने में 4,613 करोड़ का खर्च अनुमानित है। आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड हाईवे पर 100 किमी स्पीड लिमिट तय की गई है। इसके बनने से आगरा और ग्वालियर के बीच यात्रा का समय 50% तक कम हो जाएगा। इन दोनों शहरों के बीच वर्तमान में 121 किमी की दूरी है, इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद यह घटकर 88.4 किमी रह जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article