Taj Mahal Tickets Online: क्रिसमस या नए साल पर दुनिया के सातवें अजूबे ताजमहल का दीदार करने अगर आप आगरा आ रहे हैं तो यह जरूरी खबर आपके लिए है। चीन समेत कई देशों में कोरोना ने कहर बरपा रखा है। ऐसे में भारत में भी कोरोना को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। आगरा प्रशासन ने भी कोरोना जांच को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, आगरा आने वाले सैलानी पहले ही ऑनलाइन टिकट खरीद लें और तब ताजमहल के गेट पर पहुंचे। दरअसल, 24 दिसंबर से एक जनवरी के बीच आगरा में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ताजमहल में पर्यटकों के सैलाब के बीच अगर आपको टिकट और सुरक्षा जांच की लंबी-लंबी कतारों से बचना है तो आपको पहले ही ऑनलाइन टिकट खरीदना होगा।
उधर, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने शनिवार और रविवार को कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी हैं। अन्य स्मारकों से ताजमहल पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आपको बता दें कि ताजमहल पर ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट की व्यवस्था है, लेकिन ऑनलाइन टिकट लेने से आप टिकट काउंटर की भीड़ से बच सकेंगे।
ऑफलाइन टिकट के लिए होती है मारामारी
अगर आप ऑफलाइन टिकट लेंगे तो केवल टोकन के जरिए टर्न स्टाइल गेट से एंट्री मिलेगी, जबकि ऑनलाइन टिकट से मोबाइल के जरिए स्कैनिंग कर अलग कतार से एंट्री दी जाएगी। ऐसे में आपका समय भी कम लगेगा। प्रशासन की ओर से भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त कर्मचारी मोबाइल स्कैनिंग के लिए लगाए जाते हैं।
एएसआई अधिकारियों ने बताया कि क्रिसमस से नए साल के बीच ताजमहल के पश्चिमी गेट पर ऑफलाइन टिकट के लिए मारामारी को देखते हुए एक काउंटर अलग से लगाया जाएगा। दूसरे स्मारकों से भी कर्मचारियों को बुलाकर यहां तैनात किया जाएगा।
दोहरी कतार में लगने से सैलानियों का बचेगा समय
अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल के अनुसार नए साल तक ताजमहल जो पर्यटक आएं, वे अगर ऑनलाइन टिकट लेकर लेंगे तो भीड़ से बच सकेंगे। साथ ही टिकट काउंटर और सुरक्षा जांच कतार में टाइम कम लगेगा। दोहरी कतार में लगने वाला वक्त बचने के साथ ताजमहल के दोनों गेटों पर भीड़ भी कम होगी। ऐसे में व्यवस्थाएं बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। गौरतलब है कि क्रिसमस और नए साल पर ताजमहल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है। इस साल भी दोनों मौके पर वीकेंड हैं। ऐसे में सैलानियों की भीड़ और बढ़ सकती है। एएसआई ने इसको देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
