शहर

10 Din Ka Mausam: पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम हुए एक्टिव, कहीं चलेगी भीषण लू तो कहीं गरजेंगे बादल; IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट;

अगले 10 दिनों का मौसम कैसा रहेगा (21 May to 30 May 2026) लू, बारिश, ओला वृष्टि, बारिश और धूल भरी आंधी कहां होगी: देश के कई राज्यों में अगले 10 दिनों तक मौसम के तीखे तेवर देखने को मिल सकते हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत में भीषण लू और गर्म रातों का असर बना रहने की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

Image

अगले 10 दिन का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल
KEY HIGHLIGHTS
  • पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण देशभर में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
  • दिल्ली, यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में 31 मई तक भीषण लू और सीवियर हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है।
  • पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

अगले 10 दिनों का मौसम कैसा रहेगा (21 May to 30 May 2026): दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले 10 दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी। वहीं देश के पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। वेदर सिस्टम की बात करें तो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू डिवीजन के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के रूप में निचले क्षोभमंडल में बना हुआ है।

पंजाब और उससे सटे पाकिस्तान के ऊपर निचले क्षोभमंडल में एक ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। उत्तरी उत्तर प्रदेश के मध्य भागों के ऊपर निचले क्षोभमंडल में एक ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। उपरोक्त चक्रवाती परिसंचरण से उत्पन्न एक गर्त उत्तरी उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से लेकर उत्तरी तेलंगाना तक निचले क्षोभमंडल में फैला हुआ है। पश्चिमी बिहार और उसके आसपास के क्षेत्रों के ऊपर निचले क्षोभमंडल में एक ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। गंगा के मैदानी पश्चिमी बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर निचले क्षोभमंडल में एक ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। दक्षिण-पूर्वी अरब सागर से लेकर मध्य बंगाल की खाड़ी तक निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में एक गर्त (ट्रफ) फैला हुआ है। मध्य क्षोभमंडलीय स्तर में पछुआ हवाओं में एक गर्त के रूप में दिखाई देने वाला एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ लगभग 52° पूर्व देशांतर के अनुदिश 30° उत्तर अक्षांश के उत्तर में स्थित है।

दिल्ली में अगले 10 दिन का मौसम

दिल्ली में अगले 10 दिनों के दौरान भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। मौसम विभाग के अनुसार 21 मई फिर 24 से 26 मई के बीच दिल्ली और आसपास के इलाकों में हीटवेव (Heatwave) से लेकर सीवियर हीटवेव (Severe Heatwave) की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। साथ ही रात में भी उमस और गर्मी बनी रहने की चेतावनी जारी की गई है।

यूपी में अगले 10 दिन का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में अगले 10 दिनों तक मौसम का मिजाज काफी गर्म रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 26 मई तक कई स्थानों पर भीषण लू चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 से 23 मई तक तेज गर्मी का असर बना रहेगा। 24 से 26 मई के बीच पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भी गंभीर लू की स्थिति बन सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट के संकेत नहीं हैं और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। वहीं 21 और 22 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म रातें भी महसूस की जा सकती हैं, जिससे उमस और बेचैनी और बढ़ेगी। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज अलग-अलग बना रहेगा। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। दूसरी ओर अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। पूर्वोत्तर भारत में 21 से 26 मई के बीच कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ दिनों के दौरान भारी से बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी भी जारी की गई है।

कश्मीर से कन्याकुमारी तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल

बिहार, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और रायलसीमा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर तेज आंधी चलने की संभावना है। वहीं पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान लगाया गया है।

कैसा रहेगा आने वाले दिनों का तापमान?

मौसम विभाग ने बताया है कि महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। लू को लेकर जारी चेतावनी के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और विदर्भ के कई इलाकों में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा ओडिशा, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में गर्म रातें रहने की संभावना है, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में उमस भरा मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मौसम के ऐसे हालात 31 मई तक रह सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें