अयोध्या : आम आदमी पार्टी जनता के हक की आवाज उठाने के लिए पदयात्रा प्लान की है, जिसके तहत 200 किलोमीटर चलकर विभिन्न मुद्दों पर जनता से बात करेगी। इस क्रम में बुधवार को अयोध्या के देवकाला तिराहा स्थित एक लॉन में जनसभा आयोजित कर आप सांसद संजय सिंह ने ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ के नाम से सरयू से संगम तक पदयात्रा की शुरुआत की। जानकारी के मुताबिक, यह पदयात्रा 13 दिनों तक चलेगी, जो अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और अमेठी होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी। इस दौरान कार्यकर्ता लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
अयोध्या से शुरू हुआ यह मार्च प्रयागराज के संगम पर समापन से पहले कस्बों और गांवों से होकर गुजरेगा। 13 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में आप के कार्यकर्ता युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों के साथ बैठकें कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे। इसके अलावा बेरोजगारी और आर्थिक संकट जैसे मुद्दों पर जनता को जागरुक करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य स्थानीय संघर्षों को राज्यव्यापी संवाद में बदलना है।
किन मुद्दों पर होगी बात
अयोध्या में आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि हमने सरयू घाट से संकल्प लिया है कि हम पूरे उत्तर प्रदेश में रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लोगों को जागृत करेंगे। आज इसकी शुरुआत हो गई है और हम आम आदमी पार्टी की इस यात्रा को अयोध्या से प्रयागराज तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे दो मुद्दे हैं, बेरोज़गार युवा और किसान, दुकानों पर बुलडोज़र, और राज्य में मध्यम, लघु और कुटीर उद्योगों का बंद होना... दूसरा मुद्दा सामाजिक न्याय की मांग है।
संजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा सरकार और जनता दोनों को यह याद दिलाने के लिए है कि असली ताकत जनता के पास है। उन्होंने आगे कहा कि जब नागरिकों की आवाज को नजरअंदाज किया जाता है तो उनकी चिंताओं को शासन के केंद्र में वापस लाने के लिए इस तरह के आंदोलन जरूरी हो जाते हैं।
