LIVE
दिल्ली-यूपी में गर्मी का सितम शुरू, मार्च में मई वाली गर्मी का एहसास, यहां देखें वेदर अपडेट्स
दिल्ली-यूपी में गर्मी का सितम शुरू, मार्च में मई वाली गर्मी का एहसास, यहां देखें वेदर अपडेट्स
MAR 25, 2025 16:52 IST
दिल्ली में आज सुबह 16 डिग्री रहा तापमान
दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत तापमान से 1.3 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने कल भी आसमान साफ रहने की संभावना जताई है।
MAR 25, 2025 16:51 IST
राजस्थान में कल चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में 26-27 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से जोधपुर एवं बीकानेर संभागों में 20-30 किलोमीटर की रफ्तार से अपेक्षाकृत तेज हवाएं चलने, आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश में 26-28 मार्च को तापमान में दो से चार डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है। आगामी दिनों में राज्य के अधिकतर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
MAR 25, 2025 15:36 IST
राजस्थान में गर्मी का दौर शुरू
राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में गर्मी का दौर शुरू हो गया है जहां अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक तक पहुंच गया है। मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ हिस्सों में कल से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। इसके मुताबिक इस समय राज्य के अधिकतर भागों में अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। बीते 24 घंटे में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 41.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.2 डिग्री ऊपर है। केंद्र के अनुसार मंगलवार को बाड़मेर, जोधपुर, जालोर एवं आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज होने तथा कहीं-कहीं ‘हीटवेव’ की संभावना है।
MAR 25, 2025 13:54 IST
उत्तराखंड में बढ़ा तापमान
उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। इस वजह से प्रदेश के तापमान में इजाफा देखने को मिला है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड का तापमान 3 से 4 डिग्री की वृद्धि हुई है। इसके अलावा 27 और 28 मार्च को उत्तरकाशी और चमोली में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
MAR 25, 2025 13:06 IST
दिल्ली में आगामी दिनों में कैसा होगा मौसम का हाल
दिल्ली में गर्मी बढ़ती जा रही है। लेकिन इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में आगामी दिनों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 27, 28 और 29 मार्च तक तेज हवाएं चलेंगे, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
MAR 25, 2025 10:08 IST
गाजियाबाद में मौसम
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज गाजियाबाद में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तेज धूप खिली रहेगी। शहर का न्यूनतम तापमान 19 और अधिकतम तापमान 34 रह सकता है।
MAR 25, 2025 09:23 IST
केरल में येलो अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा बीते कई दिनों से केरल राज्य में येलो अलर्ट जारी किया जा रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, केरल में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। बारिश से प्रदेश का मौसम सुहावना बना रहेगा।
MAR 25, 2025 06:35 IST
नोएडा में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज नोएडा में मौसम साफ बना रहेगा। तेज धूप खिली रहेगी। चुभने वाली इस धूप में लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। क्योंकि हर दिन शहर का तापमान बढ़ता जा रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 18 डिग्री पहुंच गया है वहीं अधिकतम तापमान 35 रहने के आसार हैं।
MAR 25, 2025 06:35 IST
राजस्थान में तापमान बढ़ा
दिन-प्रतिदिन राजस्थान में लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। यहां अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री दर्ज किया जा रहा है, वहीं न्यूनतम तापमान भी हर दिन बढ़ रहा है। यहां आज 18 से 20 न्यूनतम तापमान रह सकता है।
MAR 25, 2025 06:35 IST
हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी भी हिमाचल प्रदेश पर देखने को मिल रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में अभी भी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। बारिश से प्रदेश का मौसम ठंडा और सुहावना बना रहेगा।
MAR 25, 2025 06:34 IST
यूपी में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में आज कहीं तेज धूप खिली रहेगी तो वहीं की कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा और पूर्वी यूपी में बादल छाए रहेंगे। साथ ही कहीं-कहीं बूंदाबांदी और बारिश की संभावनाएं है।
MAR 25, 2025 06:34 IST
दिल्ली में आज मौसम का हाल
दिल्ली में अब गर्मी बढ़ने लगी है। आज शहर का मौसम साफ बना रहेगा। तेज धूप खिली रहेगी, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी। जानकारी के अनुसार, आज शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री रहने की संभावना है।
