बिजनेस

दोगुनी बढ़ी विप्रो चेयरमैन रिशद प्रेमजी की सैलरी, फिर भी CEO से चार गुना कम

Wipro chairman Rishad Premji: विप्रो की तरफ से अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग को सौंपी गई ‘20-एफ फाइलिंग’ (वार्षिक रिपोर्ट) के मुताबिक, प्रेमजी का पारिश्रमिक वित्त वर्ष 2024-25 में दोगुना होकर करीब 13.7 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 6.4 करोड़ रुपये था।

Image

Wipro chairman Rishad Premji

Wipro chairman Rishad Premji: विप्रो के कार्यकारी चेयरमैन रिशद प्रेमजी का वित्त वर्ष 2024-25 में पारिश्रमिक दोगुना होकर करीब 13.7 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि यह कंपनी के मुचीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) श्रीनिवास पलिया की करीब 53.64 करोड़ रुपये की सालाना आय से काफी कम है। कंपनी की लेटेस्ट वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है।

वित्त वर्ष 2023-24 में प्रेमजी ने कोई ‘कमीशन’ नहीं लिया था क्योंकि उस वर्ष कंपनी का वृद्धिशील एकीकृत शुद्ध लाभ नकारात्मक रहा था। उस साल उन्होंने लगभग 20 प्रतिशत की वेतन कटौती के साथ करीब 6.4 करोड़ रुपये का वेतन लिया था। हालांकि, वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान बेंगलुरु मुख्यालय वाली कंपनी का शुद्ध लाभ 18.9 प्रतिशत बढ़कर 13,135.4 करोड़ रुपये हो गया।

विप्रो की तरफ से अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग को सौंपी गई ‘20-एफ फाइलिंग’ (वार्षिक रिपोर्ट) के मुताबिक, प्रेमजी का पारिश्रमिक वित्त वर्ष 2024-25 में दोगुना होकर करीब 13.7 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 6.4 करोड़ रुपये था। वहीं सात अप्रैल, 2024 को सीईओ एवं प्रबंध निदेशक का पद संभालने वाले श्रीनिवास पलिया को वित्त वर्ष 2024-25 में करीब 53.64 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक मिला।

पलिया का यह पारिश्रमिक कंपनी के पूर्व सीईओ थिएरी डेलापोर्टे के वेतन से आधे से भी कम है। डेलापोर्टे को वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 168 करोड़ रुपये का वेतन मिला था।

दस्तावेजों के अनुसार, पलिया ने वेतन एवं भत्ते के रूप में करीब 17 लाख डॉलर, कमीशन/परिवर्तनीय वेतन के रूप में करीब 17 लाख डॉलर, 'अन्य' के रूप में वर्गीकृत लगभग 28 लाख डॉलर और दीर्घकालिक मुआवजे के रूप में 68,850 डॉलर कमाए।

इसके मुताबिक, प्रेमजी और पलिया पिछले वित्त वर्ष की तुलना में कंपनी को हुए वृद्धिशील एकीकृत शुद्ध लाभ पर 0.35 प्रतिशत की दर से ‘कमीशन’ पाने के हकदार हैं।

इसके अलावा, पलिया को अलग-अलग ‘लॉक-इन’ अवधि वाले 16,77,202 शेयर विकल्प भी आवंटित किए गए। हालांकि वित्त वर्ष 2024-25 में प्रेमजी को कोई शेयर विकल्प नहीं दिया गया।

इनपुट-भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article