बिजनेस

Share Market Closing: बिहार चुनाव में NDA की जीत से झूमा शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान पर बंद

Share Market Closing: बिहार चुनाव नतीजों के बीच भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को हल्की बढ़त देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 84.11 अंक (0.10%) बढ़कर 84,562.78 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी में भी 30.90 अंक (0.12%) की तेजी रही और यह 25,910.05 के स्तर पर बंद हुआ।

Image

Share Market

Share Market Closing: Share Market Today: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे साफ होते ही 14 नवंबर को शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से लगभग 600 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी भी चढ़कर 25,900 के करीब पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में दिखी गिरावट की पूरी रिकवरी करते हुए बाजार ने मजबूत रफ्तार पकड़ी।

दोपहर 3:15 बजे के आसपास सेंसेक्स अपने लो लेवल 84,029.32 से 600 अंक चढ़कर 84,654.53 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं निफ्टी भी दिन के निचले स्तर 25,740.80 से उछलकर 25,925.55 तक पहुंच गया। निफ्टी पर अदाणी एंटरप्राइजेज, ओएनजीसी और अदाणी पोर्ट्स जैसे शेयरों में 3% तक की बढ़त देखने को मिली।

आज की तेजी के पीछे 3 बड़े कारण

बिहार में NDA की मजबूत बढ़त

दोपहर 3 बजे तक आए रुझानों में NDA लगभग 198 सीटों पर आगे था, जो बहुमत के लिए जरूरत 122 सीटों से कहीं ज्यादा है। बिहार में NDA की सरकार बनने की उम्मीद ने निवेशकों को स्थिरता और पॉलिसी जारी रहने का भरोसा दिया। गुरुवार की सुस्ती के बाद यह राजनीतिक स्पष्टता बाजार के सेंटीमेंट को मजबूत करने में अहम रही।

मूडीज की भारतीय GDP को लेकर सकारात्मक रिपोर्ट

ग्लोबल रेटिंग एजेंसी मूडीज ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर पॉजिटिव रुख दिखाया। एजेंसी के मुताबिक भारत का GDP ग्रोथ 2027 तक 6.5% रहने की उम्मीद है, जबकि 2025 में 7% ग्रोथ की संभावना जताई गई है। मूडीज ने बताया कि भारत की वृद्धि को इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और घरेलू मांग मजबूत आधार दे रहे हैं। इस सकारात्मक रिपोर्ट ने निवेशकों के विश्वास को बढ़ाया।

गिरावट के बाद वैल्यू बायिंग का लौटना

गुरुवार को बाजार में तेज बिकवाली के कारण फ्लैट क्लोजिंग हुई थी। शुक्रवार सुबह की गिरावट के बाद निवेशकों ने इसे खरीदारी का सही मौका माना। जैसे ही बिहार चुनाव की शुरुआती घबराहट खत्म हुई, बाजार में वैल्यू बायिंग बढ़ी और तेजी लौट आई।

एशियाई बाजारों का हाल

इसी बीच ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेत भारतीय निवेशकों की चिंता बढ़ा रहे हैं। टेक और एआई कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट के बाद दुनिया भर के बाजारों में बिकवाली बढ़ी है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ सकता है। एशियाई बाजार भी लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.31% टूट गया, जबकि टॉपिक्स में 1.03% की गिरावट दिखी। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.51% गिरा और कोस्डैक 1.42% लुढ़क गया। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स भी कमजोर शुरुआत का संकेत दे रहे हैं।

दूसरी ओर, गुरुवार को भारतीय बाजार ऊंचे स्तरों पर प्रॉफिट बुकिंग के चलते लगभग सपाट बंद हुए। सेंसेक्स 12.16 अंक या 0.01% की मामूली बढ़त के साथ 84,478.67 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 सिर्फ 3.35 अंक ऊपर 25,879.15 पर सेटल हुआ।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article