बिजनेस

Loan समय से पहले चुकाने की सोच रहे हैं? रुकिए! यह 'हिडन चार्ज' न उड़ा दे आपके होश

Personal Loan Pre-closure Penalty: पर्सनल लोन लेते समय केवल ब्याज दर ही नहीं, बल्कि प्री-पेमेंट पेनल्टी जैसी शर्तों को भी समझना बेहद जरूरी है। सही जानकारी और समझदारी से आप अनावश्यक खर्च से बच सकते हैं और अपने लोन को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं।

Image

प्री-पेमेंट पेनल्टी क्या है (Photo: iStock)

Personal Loan Pre-closure Penalty: जब आप अपनी जरूरतों के लिए पर्सनल लोन लेते हैं तो आमतौर पर उसकी एक तय अवधि (टेन्योर) होती है, जिसके दौरान आपको हर महीने EMI के रूप में भुगतान करना होता है। लेकिन कई बार लोग लोन के बोझ को जल्द से जल्द खत्म करने के लिए इसे समय से पहले खत्म करने यानी प्री-क्लोज (Pre-closure) का विकल्प चुनते हैं। हालांकि, बहुत कम लोगों को जानकारी होगी कि समय से पहले लोन चुकाने पर भी बैंक की ओर से एक शुल्क लिया जाता है, जिसे प्री-पेमेंट पेनल्टी कहा जाता है।

Loan Pre-closure Penalty क्या है

प्री-पेमेंट पेनल्टी वह चार्ज है, जो बैंक या वित्तीय संस्था आपसे तब लेती है जब आप अपने लोन को तय समय से पहले पूरा चुका देते हैं। दरअसल, बैंक लोन पर मिलने वाले ब्याज से कमाई करते हैं। जब आप लोन जल्दी बंद कर देते हैं, तो बैंक को भविष्य में मिलने वाला ब्याज नहीं मिल पाता। इसी नुकसान की भरपाई के लिए बैंक की ओर से यह पेनल्टी लगाई जाती है।

लोन के 5% तक लग सकती है Penalty

आमतौर पर, यह पेनल्टी आपके बकाया लोन अमाउंट (Outstanding Loan Balance) या उस ब्याज के आधार पर तय की जाती है, जो बैंक को मिलने वाला था। अधिकतर मामलों में यह शुल्क लोन राशि का 2% से 5% तक हो सकता है। हालांकि, यह दर अलग-अलग बैंकों और लोन की शर्तों के अनुसार बदल सकती है।

ध्यान से पढ़ें Loan Agreement

जब भी आप पर्सनल लोन लेते हैं तो यह बेहद जरूरी है कि आप अपने लोन एग्रीमेंट (Loan Agreement) को ध्यान से पढ़ें। इसमें प्री-पेमेंट पेनल्टी से जुड़ी सभी शर्तें और नियम विस्तार से लिखे होते हैं। कई बार लोग बिना पढ़े ही साइन कर देते हैं और बाद में उन्हें अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है।

इस पेनल्टी से कैसे बचें

हालांकि, कुछ आसान तरीकों से आप इस पेनल्टी से बच सकते हैं। पहला तरीका है कि आप ऐसे बैंक या लेंडर को चुनें, जो प्री-क्लोजर पर कोई शुल्क नहीं लेते। आजकल कई बैंक ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए यह सुविधा दे रहे हैं।

दूसरा तरीका यह है कि आप ऐसे लोन विकल्प चुनें, जिसमें एक निश्चित समय (जैसे 6 महीने या 1 साल) के बाद प्री-पेमेंट करने पर कोई पेनल्टी नहीं लगती। इससे आपको बिना अतिरिक्त खर्च के लोन जल्दी खत्म करने की सुविधा मिलती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article