बिजनेस

कार्बन फाइनेंस स्कीम क्या है? जिससे यूपी के किसानों की बढ़ेगी आय

Carbon Finance Scheme: कार्बन फाइनेंस स्कीम क्या है? जिसको लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बडे लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं इसमें किसानों को शामिल करके उनकी आय बढ़ाने में जुट गए है।

Image

कार्बन फाइनेंस स्कीम से बढ़ेगी किसानों की आय (तस्वीर-Canva)

KEY HIGHLIGHTS
  • 2070 तक देश को कार्बन मुक्त बनना लक्ष्य है।
  • यूपी के सीएम योगी जमकर वृक्षारोपण कर रहे हैं।
  • कार्बन फाइनेंस योजना से किसानों को जोड़ रहे हैं।

Carbon Finance Scheme: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2070 तक भारत को जीरो कार्बन उत्सर्जन वाला देश बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निकल पड़े हैं। सीएम योगी देश को कार्बन मुक्त बनाने के लिए यूपी के किसानों को कार्बन फाइनेंस योजना (Carbon Finance Scheme) से जोड़ रहे हैं। इस अभियान से किसानों की आय भी बढ़ेगी। इस स्कीम के तहत किसान खेती के साथ अपने खेतों में वृक्षारोपण करके अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। इसके तहत सरकार ने अगले 5 साल में 175 करोड़ से अधिक पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है। इस साल अब तक 36 करोड़ पेड़ लगाए जा चुके हैं।

पहले चरण में 25000 किसान

यूपी सरकार ने बताया कि वह किसानों को कार्बन फाइनेंस स्कीम से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना चाहती है। पहले चरण में 25,000 से अधिक किसानों को इस स्कीम से जोड़ा गया है जो किसानों को खेती के साथ-साथ अपने खेतों में पेड़ लगाकर अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित करती है। राज्य सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक यूपी ने इस साल 36 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर एक रिकॉर्ड बनाया है। अगले पांच वर्षों में 175 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।

पहले चरण में 6 मंडल शामिल

अपने पहले चरण में इस स्कीम ने छह मंडलों-गोरखपुर, बरेली, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद और सहारनपुर के किसानों को शामिल किया है, जिनमें से 25,140 किसानों ने 25,874 हेक्टेयर भूमि पर पेड़ लगाने की प्रतिबद्धता जताई है। निर्धारित कार्बन क्रेडिट प्राप्त करने के लिए, किसानों को तेजी से बढ़ने वाली पेड़ों की प्रजातियां लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। दूसरे चरण में सात और तीसरे चरण में पांच मंडल शामिल किए जाएंगे।

ऐसे बढ़ेगी किसानों की आय

द एनर्जी एंड रिसोर्स इंस्टीट्यूट और वीएनवी एडवाइजरी सर्विस के सहयोग से कार्बन फाइनेंस योजना के जरिए किसानों की इनकम में वृद्धि करने की कोशिश की जा रही है। इस स्कीम से जुड़े 25140 किसान 25874 हेक्टेयर जमीन पर पेड़ लगाएंगे। इन पेड़ों से 42 लाख से अधिक कार्बन क्रेडिट का रखा गया है। इसके लिए सरकार किसानों के लिए 202 करोड़ रुपए खर्च करेगी। प्रत्येक 5वें वर्ष में छह यूएस डॉलर के हिसाब से प्रति कार्बन क्रेडिट की खरीद होगी। इस तरह किसानों की आय बढ़ेगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article