अगर आपको अचानक पैसों की जरुरत पड़ जाए और आपका पर्स खो गया है जिसमे आपका ATM कार्ड हो तो आप क्या करेंगे? ऐसी स्थिति में ज्यादातर लोग घबरा जाते हैं, लेकिन अब चिंता की कोई बात नहीं है। क्योंकि अब आपके पास है आधार एटीएम (Aadhaar ATM) की सुविधा, जिसके जरिए आप बिना एटीएम कार्ड के भी अपने बैंक खाते से पैसे निकाल सकते हैं। बस आधार नंबर और फिंगरप्रिंट से आप तुरंत कैश निकाल सकते हैं वो भी नजदीकी डाकघर या IPPB सेंटर से, आइए आपको इसका पूरा प्रोसेस बताते हैं।
क्या है आधार ATM सर्विस?
आधार एटीएम सुविधा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) द्वारा शुरू की गई है और यह आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AePS) पर आधारित है। इसकी मदद से ग्राहक बिना एटीएम कार्ड या बैंक शाखा गए आसानी से कैश निकाल सकते हैं, बैलेंस चेक कर सकते हैं और मिनी स्टेटमेंट भी देख सकते हैं। इस सुविधा का लाभ वही लोग उठा सकते हैं जिनका बैंक खाता आधार से जुड़ा हुआ है।
कैसे पैसे निकालने में करेगा मदद?
इसका इस्तेमाल करना बेहद आसान है। ग्राहक को अपने नजदीकी डाकघर या IPPB सेंटर पर जाना होता है। वहां बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की पुष्टि की जाती है, फिर ग्राहक को अपना आधार नंबर और बैंक का नाम बताना होता है। इसके बाद फिंगरप्रिंट स्कैन किया जाता है जिससे पहचान की पुष्टि होती है। इसके तुरंत बाद आप नकद पैसे निकाल सकते हैं, बैलेंस देख सकते हैं या मिनी स्टेटमेंट प्रिंट कर सकते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में न एटीएम कार्ड की जरूरत होती है और न पासबुक की।
सबसे खास बात यह है कि अब पोस्टमैन भी आपके घर पर बैंकिंग सुविधा लेकर आता है। यानी अगर आप किसी दूरदराज या ग्रामीण इलाके में रहते हैं और बैंक या एटीएम तक नहीं जा सकते, तो भी आप घर बैठे नकद पैसे निकाल सकते हैं। यह सुविधा उन लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है जिनकी बैंकिंग तक पहुंच सीमित है।
क्या हैं फायदे?
इस सेवा के कई फायदे हैं इसमें एटीएम कार्ड या पासबुक की जरूरत नहीं होती, यह सुविधा कहीं भी और कभी भी ली जा सकती है, और ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग को आसान और सुलभ बनाती है। साथ ही, यह सुविधा सभी बैंकों के आधार-लिंक खातों पर लागू होती है।
