बिजनेस

ट्रकों के किराए में हुई 4% जितनी बढ़ोत्तरी, रिपोर्ट में हुआ खुलासा

देश के प्रमुख मार्गों पर ट्रक किराये में जनवरी 2025 में अच्छा सुधार हुआ है जिसका कारण सर्दियों के फलों और सब्जियों का आना है। ट्रक किराये की बात करें तो दिल्ली-मुंबई-दिल्ली मार्ग पर चार प्रतिशत, मुंबई-कोलकाता-मुंबई मार्ग पर 3.7 प्रतिशत और दिल्ली-हैदराबाद-दिल्ली और कोलकाता-गुवाहाटी-कोलकाता मार्ग पर मासिक आधार पर किराये में 3.3 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।

Image

ट्रकों के किराए में हुई 4% जितनी बढ़ोत्तरी

Photo : iStock

Truck Fare Increased: देश के प्रमुख मार्गों पर ट्रक किराये में जनवरी 2025 में अच्छा सुधार हुआ है जिसका कारण सर्दियों के फलों और सब्जियों का आना है। इनमें से कुछ मार्गों पर किराये में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। श्रीराम फाइनेंस के मासिक बुलेटिन के मुताबिक, जनवरी-मार्च तिमाही आमतौर पर काफी व्यस्त अवधि होती है, जिसमें रबी की फसल के बाद कृषि गतिविधि में तेजी आती है और कई क्षेत्रों में विनिर्माण गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होती है। इसमें कहा गया है कि गतिविधि में इस तेजी के चलते पिछले महीने माल वाहक, कार्गो थ्री-व्हीलर के साथ-साथ यात्री बसों, मैक्सी कैब और कृषि ट्रेलरों जैसे वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है।

कहां कितना बढ़ा किराया

इसमें बताया गया कि ट्रक किराये की बात करें तो दिल्ली-मुंबई-दिल्ली मार्ग पर चार प्रतिशत, मुंबई-कोलकाता-मुंबई मार्ग पर 3.7 प्रतिशत और दिल्ली-हैदराबाद-दिल्ली और कोलकाता-गुवाहाटी-कोलकाता मार्ग पर मासिक आधार पर किराये में 3.3 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। इसमें कहा गया है कि मासिक आधार पर, जनवरी में माल वाहक की बिक्री में 41 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। तिपहिया (माल) और यात्री बसों की बिक्री में 32 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, जबकि मैक्सी कैब की बिक्री में 59 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई।

अन्य वाहनों का हाल

इसके अतिरिक्त, रबी की फसल के मौसम में कृषि ट्रेलर की बिक्री में 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि मोटर कार की बिक्री में 54 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई और दोपहिया वाहनों की बिक्री में महीने-दर-महीने आधार पर 27 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसने यह भी कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) क्षेत्र में, पिछले महीने ईवी दोपहिया वाहनों की बिक्री में क्रमिक रूप से 21 प्रतिशत और ईवी कार की बिक्री में 16 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी वाई एस चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘किराये की दरों में वृद्धि लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत है। इस वृद्धि का श्रेय सर्दियों के फलों और सब्जियों के आगमन को दिया जा सकता है, जिसने परिवहन और भंडारण सेवाओं की आवश्यकता को बढ़ा दिया है।’’ उन्होंने कहा कि हालांकि, देश के अधिकांश हिस्सों में चल रही शीत लहर की स्थिति ने वाहनों की आवाजाही पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है, जिससे आपूर्ति श्रृंखला में कुछ व्यवधान पैदा हुए हैं।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article