बिजनेस

सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों की चमकी किस्मत, एक हफ्ते में मार्केट कैप ₹1.23 लाख करोड़ बढ़ा

पिछले हफ्ते शेयर बाजार ने निवेशकों को राहत दी और सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों की किस्मत चमक उठी। इनमें से 7 दिग्गज कंपनियों के कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन में एक ही हफ्ते में करीब ₹1.23 लाख करोड़ का इजाफा दर्ज किया गया, जिसमें सबसे बड़ा फायदा रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ।

Image

sensex top 10

बीते सप्ताह शेयर बाजार निवेशकों के लिए राहत भरा रहा। बीएसई सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 7 कंपनियों के कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली। इन कंपनियों की वैल्यू एक ही हफ्ते में करीब ₹1,23,724 करोड़ बढ़ गई। इस दौरान सेंसेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुआ और सप्ताहभर में 720.56 अंक यानी 0.84 फीसदी की बढ़त दर्ज की।

इस तेजी का सबसे ज्यादा फायदा रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। कंपनी का मार्केट कैप ₹45,266 करोड़ बढ़कर ₹21.54 लाख करोड़ के पार पहुंच गया। रिलायंस एक बार फिर देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके अलावा बैंकिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की दिग्गज कंपनियों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।

किसकी सबसे ज्यादा हुई कमाई

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का मार्केट कैप ₹30,414 करोड़ बढ़कर ₹9.22 लाख करोड़ हो गया। वहीं लार्सन एंड टुब्रो (L&T) की वैल्यूएशन में ₹16,204 करोड़ का इजाफा हुआ और यह बढ़कर ₹5.72 लाख करोड़ पहुंच गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) का मार्केट कैप भी ₹14,626 करोड़ बढ़कर ₹5.51 लाख करोड़ हो गया।

बैंकिंग सेक्टर के अन्य दिग्गजों की बात करें तो HDFC बैंक की मार्केट वैल्यू ₹13,538 करोड़ बढ़कर ₹15.40 लाख करोड़ पहुंच गई। ICICI बैंक का मार्केट कैप ₹3,103 करोड़ बढ़कर ₹9.68 लाख करोड़ और भारती एयरटेल का मार्केट कैप ₹570 करोड़ बढ़कर ₹12.01 लाख करोड़ हो गया।

हालांकि, टॉप-10 में शामिल सभी कंपनियों के लिए यह सप्ताह फायदेमंद नहीं रहा। आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनियां दबाव में रहीं। TCS का मार्केट कैप ₹10,745 करोड़ घटकर ₹11.75 लाख करोड़ रह गया। वहीं इंफोसिस की वैल्यूएशन में ₹6,183 करोड़ और बजाज फाइनेंस की वैल्यू में ₹5,693 करोड़ की गिरावट दर्ज की गई।

टॉप 10 की रैंकिंग

मार्केट कैप के लिहाज से टॉप-10 कंपनियों की मौजूदा सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बनी हुई है। इसके बाद क्रमशः HDFC बैंक, भारती एयरटेल, TCS, ICICI बैंक, SBI, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, L&T और हिंदुस्तान यूनिलीवर का नंबर आता है।

आने वाले सप्ताह में शेयर बाजार में एक ही नई लिस्टिंग देखने को मिलेगी। मॉडर्न डायग्नोस्टिक का ₹36.89 करोड़ का IPO जबरदस्त प्रतिक्रिया के साथ 376.90 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसका अलॉटमेंट 5 जनवरी को फाइनल होगा और शेयरों की संभावित लिस्टिंग 7 जनवरी को BSE SME प्लेटफॉर्म पर हो सकती है। निवेशकों की नजर अब इस लिस्टिंग पर टिकी हुई है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article