बिजनेस

Tempsens IPO बना जैकपॉट, पहले दिन निवेशकों का पैसा डबल, 111% प्रीमियम पर लिस्ट

Tempsens Instruments IPO की लिस्टिंग ने निवेशकों को खुश कर दिया है। क्योंकि, इसकी लिस्टिंग 111 फीसदी प्रीमियम पर हुई है। यानी जिन निवेशकों को IPO में शेयर अलॉट हुए हैं, उनका पैसा डबल से भी ज्यादा हो गया है।

Image

आईपीओ निवेशकों की हुई मौज

Tempsens Instruments IPO Share Price: टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स के शेयरों ने शुक्रवार, 28 अगस्त को शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री की है। कंपनी के शेयर NSE पर ₹634 और BSE पर ₹631.20 पर लिस्ट हुए। यानी ₹300 के IPO प्राइस के मुकाबले NSE पर निवेशकों को करीब 111.33% का लिस्टिंग गेन मिला है। IPO के दौरान भी कंपनी के शेयरों को जबरदस्त डिमांड मिली थी और इश्यू कुल 184.07 गुना सब्सक्राइब हुआ था। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी तेज लिस्टिंग के बाद निवेशकों को शेयर में Buy, Sell या Hold में से क्या रणनीति अपनानी चाहिए?

IPO प्राइस से दोगुने से ज्यादा पर लिस्टिंग

टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स के IPO का प्राइस बैंड ₹285 से ₹300 प्रति शेयर था। कंपनी ने IPO के जरिए करीब ₹650 करोड़ जुटाए थे। 28 अगस्त को शेयर बाजार में लिस्टिंग के साथ ही निवेशकों को जोरदार लिस्टिंग गेन मिला। NSE पर शेयर ₹634 पर लिस्ट हुआ। यह IPO के अपर प्राइस बैंड ₹300 से ₹334 ज्यादा है। प्रतिशत में देखें तो यह करीब 111.33% का प्रीमियम है। वहीं BSE पर शेयर ₹631.20 पर लिस्ट हुआ, जो IPO प्राइस से करीब 110.40% ज्यादा है। लिस्टिंग के बाद कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹5,291.52 करोड़ हो गया है। कंपनी की लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में भी मजबूत संकेत मिल रहे थे। वहां शेयर के IPO प्राइस से 100% से ज्यादा प्रीमियम पर लिस्ट होने की उम्मीद जताई जा रही थी। बाजार में कंपनी के शेयर की वास्तविक लिस्टिंग ने इन उम्मीदों को लगभग सही साबित कर दिया।

184 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन

टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स के IPO को निवेशकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। 20 अगस्त से 24 अगस्त के बीच खुले इस IPO को कुल 184.07 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। इससे साफ है कि कंपनी को लेकर बाजार में मजबूत निवेशक रुचि थी। लिस्टिंग के दिन शेयर में आया 111% से ज्यादा का प्रीमियम इसी मजबूत डिमांड का संकेत है। IPO से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से भी करीब ₹194.55 करोड़ जुटाए थे। इनमें टेमासेक और एसबीआई म्यूचुअल फंड जैसे बड़े निवेशक शामिल थे। हालांकि, मजबूत लिस्टिंग और बड़े संस्थागत निवेशकों की मौजूदगी अपने आप में यह गारंटी नहीं देती कि शेयर आगे भी इसी रफ्तार से बढ़ेगा। अब निवेशकों के लिए सबसे अहम चीज कंपनी की कमाई और मौजूदा valuation है।

कंपनी की कमाई में कितनी तेजी आई?

टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स के वित्तीय प्रदर्शन पर नजर डालें तो कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में अच्छी ग्रोथ दिखाई है। वित्त वर्ष 2024 से वित्त वर्ष 2026 के बीच के कंपनी का रेवेन्यू 27.2% CAGR से बढ़ा है। इसके साथ ही EBITDA 35.2% और PAT 28.2% CAGR से बढ़ा है। यहां खास बात यह है कि EBITDA की ग्रोथ रेवेन्यू की तुलना में ज्यादा तेज रही है। इसका मतलब है कि कंपनी ने इस अवधि में अपने ऑपरेटिंग प्रॉफिटेबिलिटी में भी सुधार किया है।

टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स करती क्या है?

टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स भारत में टेंपरेचर सेंसिंगऔर स्पेशलाइज्ड केबल इंडस्ट्री की एक प्रमुख कंपनी है। कंपनी ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक समाधान देने की क्षमता रखती है। इसके अलावा कंपनी के कारोबार में हाई एंट्री बैरियर भी हैं। कंपनी का दावा है कि टेंपरेचर सेंसर सेगमेंट में उसकी भारत में करीब 10.5% मार्केट शेयर है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article