Stock Market Today: इजराइल-ईरान के बीच तनाव बढ़ने और अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु स्थलों को निशाना बनाने के बाद सोमवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। ईरान अब स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को बंद करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस रास्ते से दुनिया का 20-25 फीसदी कच्चा केल सप्लाई होता है। इस खबर से तेल के दाम उछले हैं और इसका भी भारतीय शेयर बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा है। सेंसेक्स 82408.17 के पिछले क्लोजिंग लेवल के मुकाबले 81,704.07 पर खुलकर करीब पौने 10 बजे 783.58 अंक या 0.95 फीसदी की गिरावट के साथ 81,624.59 पर है। वहीं एनएसई का निफ्टी 25112.40 अंकों के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 24,939.75 पर खुलकर 244 अंक या 0.97 फीसदी की कमजोरी के साथ 24,868.40 पर है।
ये भी पढ़ें -
इन शेेयरों में आई गिरावट
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड और इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) के शेयर में सबसे अधिक गिरावट आई है।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्केई 225 और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट में मामूली बढ़त देखने को मिली।
अमेरिकी बाजार में आई थी गिरावट
अधिकतर अमेरिकी बाजार शुक्रवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78.31 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
(इनपुट - भाषा)
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
