Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 13 November 2025 : सोना और चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा है। कभी कीमतें घटती हैं तो कभी बढ़ जाती हैं। लेकिन इधर कई दिनों से लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार गुरुवार को बाजार बंंद होने तक 24 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,26,554 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वहीं, चांदी की कीमत बढ़कर 1,62,730 रुपये प्रति किलो हो गई। आइए जानते हैं IBJA द्वारा जारी किए गए 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा भाव के साथ-साथ चांदी की लेटेस्ट कीमतें।
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| सोने-चांदी की शुद्धता | सुबह के रेट | दोपहर के रेट | शाम के रेट |
| सोना 24 कैरेट | 123913 रुपये प्रति 10 ग्राम | 126124 रुपये प्रति 10 ग्राम | 126554 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 23 कैरेट | 123417 रुपये प्रति 10 ग्राम | 125619 रुपये प्रति 10 ग्राम | 126047 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 22 कैरेट | 113504 रुपये प्रति 10 ग्राम | 115530 रुपये प्रति 10 ग्राम | 115923 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 18 कैरेट | 92935 रुपये प्रति 10 ग्राम | 94593 रुपये प्रति 10 ग्राम | 94916 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 14 कैरेट | 72489 रुपये प्रति 10 ग्राम | 73783 रुपये प्रति 10 ग्राम | 74034 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| चांदी 999 | 156705 रुपये प्रति किलोग्राम | 163808 रुपये प्रति किलोग्राम | 162730 रुपये प्रति किलोग्राम |
पिछले दिन सोना चांदी के भाव
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक मजबूत वैश्विक रुख के बीच बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने का भाव 2,000 रुपये बढ़कर 1,27,900 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,000 रुपये बढ़कर 1,27,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स समेत) हो गई, जबकि सोमवार को इसका का भाव 1,25,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था। पिछले दो सत्रों में सोने की कीमत में 3,300 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई है। स्थानीय सर्राफा बाजार में सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,300 रुपये बढ़कर 1,25,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए विस्फोट के बाद मंगलवार को सर्राफा बाजार बंद रहे। इस बीच, बुधवार को चांदी की कीमत भी 5,540 रुपये बढ़कर 1,61,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स समेत) हो गई। सर्राफा संघ के अनुसार, सोमवार को चांदी 1,55,760 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। विदेशी बाजारों में, हाजिर सोना 4,127.59 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि हाजिर चांदी 0.86 प्रतिशत बढ़कर 51.66 डॉलर प्रति औंस हो गई।
पिछले दिन वायदा बाजार में सोना-चांदी के भाव
वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार चौथे सत्र में बुधवार को बढ़त दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में दिसंबर में आपूर्ति वाले अनुबंधों के सोने का भाव 328 रुपये या 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,24,241 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसमें 12,868 लॉट के लिए कारोबार हुआ। फरवरी 2026 में आपूर्ति वाले अनुबंधों की कीमत 171 रुपये या 0.14 प्रतिशत बढ़कर 1,25,748 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इसमें 4,027 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
दूसरी ओर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में दिसंबर में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 2,198 रुपये या 1.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,56,885 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें 15,262 लॉट के लिए कारोबार हुआ। मार्च 2026 में आपूर्ति वाले अनुबंधों की कीमत 2,034, रुपये या 1.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,59,389 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 9,031 लॉट का कारोबार हुआ।
वैश्विक स्तर पर भी सोना व चांदी की कीमतों में तेजी रही। दिसंबर में आपूर्ति वाले कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,121.80 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत करीब1.55 प्रतिशत चढ़कर 51.53 डॉलर प्रति औंस हो गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष और अनुसंधान विश्लेषक (कॉमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमतों के करीब 4,100 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर स्थिर रहने के कारण सोने में एक और सत्र के लिए सकारात्मक कारोबार हुआ। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार के ‘शटडाउन’ के खत्म होने की संभावना की उम्मीदों से निवेशकों की कारोबारी धारणा को मजबूती मिल रही है, क्योंकि इससे महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़े जारी हो सकेंगे, जो दिसंबर की बैठक में फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों के अनुमान के लिए अहम हैं।
