Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 1 August 2025 : सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा है। कभी ऊपर तो कभी नीचे हो रही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने के ऐलान के बाद से और उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 98253 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी घटकर 109646 रुपये प्रति किलो हो गई। आगे जानिए 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| सोना-चांदी की शुद्धता | सुबह का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव | दोपहर का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव | शाम का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव |
| सोना 24 कैरेट | 98534 रुपये | 97971 रुपये | 98253 रुपये |
| सोना 23 कैरेट | 98139 रुपये | 97579 रुपये | 97860 रुपये |
| सोना 22 कैरेट | 90257 रुपये | 89741 रुपये | 90000 रुपये |
| सोना 18 कैरेट | 73901 रुपये | 73478 रुपये | 73690 रुपये |
| सोना 14 कैरेट | 57642 रुपये | 57313 रुपये | 57478 रुपये |
| चांदी 999 | 109950 रुपये प्रति किलो | 109810 रुपये प्रति किलो | 109646 रुपये प्रति किलो |
पिछले दिन क्या थे सोने-चांदी के भाव
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमत 500 रुपये टूटकर 98,020 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। रुपये में मजबूती के कारण कीमती धातु की कीमत पर अंकुश लगा। बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 98,520 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। दिल्ली में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना गुरुवार को 400 रुपये टूटकर 97,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रहा। पिछले सत्र में यह 650 रुपये बढ़कर 98,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके अलावा चांदी की कीमतें 2,000 रुपये टूटकर 1,12,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रही। बुधवार को यह 1,14,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वैश्विक बाजारों में, हाजिर सोना 29.10 डॉलर या 0.89 प्रतिशत बढ़कर 3,304.14 डॉलर प्रति औंस पर रहा। विदेशी बाजार में हाजिर चांदी 2.22 प्रतिशत गिरकर 36.30 डॉलर प्रति औंस रही।
क्यों गिरे सोने-चांदी के दाम?
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि गुरुवार को सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई क्योंकि सकारात्मक अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों ने अमेरिकी डॉलर को मजबूत किया। इससे सर्राफा कीमतों पर दबाव बढ़ा। उन्होंने कहा कि नवीनतम जीडीपी आंकड़ों से संकेत मिलता है कि दूसरी तिमाही में अमेरिकी अर्थव्यवस्था में वृद्धि हुई है, जिससे ब्याज दरों के दृष्टिकोण को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है। कोटक सिक्योरिटीज जिंस शोध विभाग के एवीपी, कायनात चैनवाला ने कहा कि बाजार प्रतिभागी मौद्रिक नीति पर आगे के मार्गदर्शन के लिए व्यक्तिगत उपभोग व्यय (पीसीई) सूचकांक और बेरोजगारी दावों सहित आगामी अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों पर बारीकी से नजर रखेंगे।
वायदा बाजार में सोने के भाव
कमजोर हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में सोने का भाव बृहस्पतिवार को 123 रुपये की गिरावट के साथ 98,860 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अक्टूबर में आपूर्ति वाले सोने के अनुबंधों का भाव 123 रुपये या 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98,860 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 12,207 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,302.15 डॉलर प्रति औंस रहा।
वायदा बाजार में चांदी की कीमत
कारोबारियों के सौदों का आकार कम करने से वायदा कारोबार में चांदी की कीमत बृहस्पतिवार को 1,839 रुपये की गिरावट के साथ 1,11,025 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में चांदी के सितंबर महीने में आपूर्ति वाले अनुबंधों की कीमत 1,839 रुपये यानी 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,11,025 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 16,633 लॉट का कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि बाजार में मौजूदा स्तर पर कारोबारियों की बिकवाली से मुख्यत: चांदी वायदा कीमतों में गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 36.99 डॉलर प्रति औंस रही।
